न्यूजीलैंड के ओपनर डेवन कॉनवे भारत के खिलाफ पहले वनडे से बाहर हो गए हैं.
वनडे सीरीज के करीब आते ही न्यूजीलैंड की मुश्किलें घटने के बजाए बढ़ने लगी है. ताजा मामला प्रैक्टिस सेशन के दौरान हुए हादसे से जुड़ा है, जिसके चलते उसके सलामी बल्लेबाज डेवन कॉनवे पहले वनडे से बाहर हो गए हैं. पहले से ही न्यूजीलैंड के कई स्टार खिलाड़ी भारत के खिलाफ वनडे नहीं खेल रहे हैं. अब उस फेहरिस्त में डेवन कॉनवे का नाम भी जुड़ गया है. हालांकि, गनीमत ये है कि कॉनवे फिलहाल पहले वनडे से बाहर हैं.
कॉनवे को कैसे लगी चोट?
अब सवाल है कि प्रैक्टिस सेशन के दौरान हादसा कैसे हुआ, जिसके शिकार डेवन कॉनवे बन गए? ऐसा तब हुआ जब एक कैच को लेने की कोशिश में न्यूजीलैंड के दो खिलाड़ी- डेवन कॉनवे और मैट हेनरी- एक दूसरे से भयानक तरीके से टकरा गए. इस बात की जानकारी न्यूजीलैंड क्रिकेट ने अपनी प्रेस रिलीज में दी. न्यूजीलैंड क्रिकेट की ओर से बताया गया कि टकराने के बाद दोनों खिलाड़ियों को टीम के मेडिकल स्टाफ ने तुरंत देखा. साथ ही उनकी हेड इंजरी की भी जांच की.
पहले वनडे से कॉनवे बाहर, हेनरी पर सस्पेंस
न्यूजीलैंड क्रिकेट के मुताबिक , कॉनवे को आगे की जांच के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां उनके सिर में चोट की पुष्टि की गई. सिर की चोट के चलते कॉनवे 4 नवंबर को भारत के खिलाफ होने वाले पहले वनडे में नहीं खेल पाएंगे. कॉनवे के अलावा मैट हेनरी की इंजरी पर भी सस्पेंस बना है. मगर अभी उनके पहले वनडे से बाहर होने की पुष्टि नहीं की गई है.
कॉनवे से पहले ये खिलाड़ी हुए बाहर
कॉनवे न्यूजीलैंड की चोटों की लिस्ट में नए नाम हैं. इससे पहले सीनियर बल्लेबाज मार्क चैपमैन और रचिन रवींद्र भी वनडे सीरीज से बाहर हो चुके हैं. चैपमैन अपनी हैमस्ट्रिंग इंजरी से उबर रहे हैं, वहीं रवींद्र अभी कंधे की समस्या से पूरी तरह ठीक नहीं हुए हैं.
वनडे सीरीज का कार्यक्रम
भारत और न्यूजीलैंड के बीच वनडे सीरीज 4 नवंबर को ऑकलैंड के ईडन पार्क में शुरू होगी. दूसरा मैच 7 नवंबर को वेलिंगटन में खेला जाएगा. इसके बाद तीसरा वनडे 10 नवंबर को हैमिल्टन में होगा. सीरीज के आखिरी दो मैच 13 और 15 नवंबर को माउंट माउंगानुई में खेले जाएंगे.