पंजाब में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के बाद सभी 117 विधानसभा क्षेत्रों की अंतिम मतदाता सूचियां प्रकाशित कर दी गई हैं.
पंजाब में SIR के बाद अंतिम मतदाता सूची की जारी की गई. सभी 117 विधानसभा क्षेत्रों की अंतिम मतदाता सूचियां प्रकाशित की. राज्य स्तर पर अंतिम मतदाता सूची में 7,97,263 नए मतदाता जोड़े गए. कुल 13,60, 316 वोट काटे गए हैं. जून महीने में SIR की प्रक्रिया जब शुरू हुई तब पंजाब में मतदाताओं की संख्या 2,14,61,043 थी. आज जारी अंतिम सूची में मतदाताओं की संख्या 2,01,00,727 है. जानें आंकड़ा
चुनाव आयोग की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि जो योग्य मतदाता अब भी रह गए हैं, वो ईसीआईनेट ऐप से ऑनलाइन या BLO के पास ऑफलाइन फॉर्म 6 भर कर अपने आप को मतदाता सूची में शामिल करवा सकते हैं.
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुसार 14.05.2026 की अधिसूचना के मद्देनजर मतदाता सूचियों का विशेष गहन पुनरीक्षण 2026 की प्रक्रिया पंजाब में 25 जून 2026 से शुरू की गई थी. पंजाब को इस विशेष गहन पुनरीक्षण, 2026 के तीसरे चरण में शामिल किया गया था.
जानें पंजाब में कुल कितने मतदाता
पंजाब में 9 जून 2026 तक कुल 2,14,61,043 पंजीकृत मतदाता थे. नोटिस जारी किए गए 35,49,036 मतदाताओं में से 86,038 मतदाताओं को व्यापक जांच और स्पीकिंग ऑर्डर के माध्यम से अयोग्य करार दिया गया था.
ड्राफ्ट इलेक्टोरल रोल के कुल 1,93,94,435 मतदाताओं की तुलना में अंतिम सूची में मतदाताओं की संख्या बढ़कर 2,01,00,727 हो गई है, जो 3.64 प्रतिशत की वृद्धि दर्शाती है. अंतिम सूची के कुल 2,01,00,727 मतदाताओं में 1,03,76,026 पुरुष, 97,24,195 महिला और 506 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं. मतदाताओं की पहुंच को आसान बनाने के लिए सभी जिलों में पोलिंग स्टेशनों का रैशनलाइजेशन किया गया, जिससे पोलिंग स्टेशनों की संख्या 24,453 से बढ़कर 25,332 हो गई है.
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने अपील की कि जो योग्य व्यक्ति किसी भी कारण से अंतिम मतदाता सूची के प्रकाशन के बाद भी शामिल होने से रह गए हैं या नए मतदाता के रूप में नाम दर्ज कराना चाहते हैं, वे ईसीआईनेट ऐप के माध्यम से ऑनलाइन या अपने संबंधित बी.एल.ओज़. के माध्यम से फॉर्म नंबर 6 भरकर ऑफलाइन आवेदन कर सकते हैं.
कुल बूथों की संख्या में इजाफा
879 नए बूथ बढ़े: पंजाब में पोलिंग बूथों की कुल संख्या पहले 24,453 थी, जिसे अब बढ़ाकर 25,332 कर दिया गया है। इस तरह राज्य में कुल 879 नए मतदान केंद्र जोड़े गए हैं. वोटरों की संख्या और दूरी को संतुलित करने के लिए कुछ जिलों में सबसे ज्यादा नए बूथ बनाए गए हैं. अमृतसर में सबसे अधिक 106 नए पोलिंग बूथ बढ़ाए गए हैं. लुधियाना में दूसरे नंबर पर लुधियाना में 104 नए पोलिंग बूथ जोड़े गए हैं.
बूथों की संख्या बढ़ने की क्या वजह?
पंजाब की मुख्य निर्वाचन अधिकारी अनिंदिता मित्रा के अनुसार, ये कदम हर पोलिंग बूथ पर मतदाताओं की संख्या को संतुलित करने के लिए उठाया गया है. घर-घर सर्वे के साथ-साथ हर एक पोलिंग बूथ की Physical Verification की गई थी. ये सुनिश्चित किया गया है कि नए और पुराने सभी बूथों पर रैंप, पानी और बिजली जैसी जरूरी सुविधाएं मौजूद हों.