Home Latest News Asian Games 2026: भारत की झोली में आया दूसरा गोल्ड, कमलजीत-सुरुचि ने...

Asian Games 2026: भारत की झोली में आया दूसरा गोल्ड, कमलजीत-सुरुचि ने खत्म किया शूटिंग का सूखा

23
0
Google search engine

भारत को इन गेम्स में पिस्टल शूटिंग में लगातार निराशा मिली थी और कोई भी मेडल हाथ नहीं आया था लेकिन आखिरी इवेंट में भारत ने गोल्ड जीत लिया.

एशियन गेम्स 2026 में आखिरकार भारत को दूसरा गोल्ड मेडल भी मिल गया है. महिला क्रिकेट में मिले गोल्ड मेडल के बाद अब पिस्टल शूटिंग में भारत को सफलता मिली है. कलजीत और सुरुचि इंदर सिंह की जोड़ी ने 10 मीटर एयर पिस्टल मिक्स्ड टीम इवेंट में जबरदस्त प्रदर्शन के साथ गोल्ड मेडल अपने नाम किया. इस एशियन गेम्स में पिस्टल शूटिंग में भारत का ये पहला ही मेडल है और वो भी आखिरी इवेंट में आया. वहीं एक अलग मुकाबले में राइफल थ्री पोजिशन के टीम इवेंट में भी भारत की झोली मेडल से भर गई, जहां देश को सिल्वर मेडल मिला.
आइची-नागोया गेम्स में भारत के लिए छठे दिन का पहला हिस्सा ही भारत के लिए सफलता की झड़ी लेकर आया. दिन की शुरुआत ही 2 मेडल पक्के होने के साथ हुई. पहले टेबल टेनिस मिक्स्ड डबल्स सेमीफाइनल में पहुंची और मेडल पक्का किया. फिर स्क्वॉश में भी मिक्स्ड डबल्स में मेडल पर मुहर लगी, जबां भारतीय जोड़ी सेमीफाइनल में पहुंची. मगर जहां इन दोनों मेडल का रंग आने वाले दिनों में तय होना है, वहीं शूटिंग में तो भारतीय निशानेबाजों को अपने गले में मेडल पहनने का मौका मिल गया.

रिकॉर्ड के साथ जीता गोल्ड मेडल

23 साल के कमलजीत और 20 साल की सुरुचि के लिए इंडिविजुअल इवेंट बेहद खराब रहे थे और दोनों ही अपने-अपने मुकाबलों के फाइनल तक भी नहीं पहुंच सके थे. मगर एक टीम के रूप में दोनों ने उस नाकामी को पीछे छोड़ा. दोनों ने क्वालिफाइंग में ही अपना दबदबा दिखाते हुए 587 पॉइंट्स के साथ फाइनल में जगह बनाई. इसके बाद बारी फाइनल की थी और यहां भी दोनों ने अपनी इसी फॉर्म को बरकरार रखा.
फाइनल में पहली सीरीज के बाद से ही कमलजीत और सुरुचि पहले स्थान पर थे लेकिन इस दौरान उन्हें साउथ कोरिया से कड़ी टक्कर मिल रही थी. इसके बावजूद दोनों ने हिम्मत नहीं हारी और अपना फोकस बरकरार रखते हुए 484.6 पॉइंट्स के साथ गोल्ड मेडल अपने नाम कर लिया. ये इस इवेंट का नया एशियन रिकॉर्ड भी है. साउथ कोरिया ने इस फाइनल में सिल्वर मेडल जीता, जबकि ईरान की जोड़ी को ब्रॉन्ज मेडल मिला.

राइफल थ्री पोजिशन में सिल्वर

वहीं इसी दौरान दूसरी रेंज पर राइफल शूटिंग का इवेंट जारी था, जहां थ्री पोजिशन में भारत के लिए ऐश्वर्य प्रताप सिंह तोमर, नीरज कुमार और रुद्रांक्ष पाटिल मुकाबले में थे. तीनों ने मिलकर 1762 पॉइंट्स हासिल किए लेकिन चीन को पीछे छोड़ने में चूक गए. इसके बावजूद तीनों ने मिलकर सिल्वर मेडल जीतने में सफलता हासिल की. इस तरह भारत की झोली में राइफल शूटिंग में एक और मेडल आ गया.
इतना ही नहीं, इस मुकाबले के दौरान ही ऐश्वर्य और नीरज ने इंडिविजुअल इवेंट के फाइनल के लिए भी क्वालिफाई कर लिया. ऐशवर्य के 589 पॉइंट्स थे, जबकि नीरज के 588 पॉइंट्स रहे. हालांकि 585 पॉइंट्स के साथ रुद्रांक्ष इससे चूक गए. राइफल शूटिंग में अभी तक भारत को कई मेडल मिल गए हैं लेकिन इंतजार गोल्ड मेडल का है. ऐसे में अब राइफल थ्री पोजिशन के फाइनल ऐश्वर्य और नीरज से उम्मीद रहेगी.
Google search engine

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here