सड़क सुरक्षा फोर्स के इंचार्ज एएसआई सतनाम सिंह ने बताया कि राहगीर ने हादसे की सूचना दी।
जालंधर-पठानकोट नेशनल हाईवे पर टोल प्लाजा चौलांग के पास रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। कार का संतुलन बिगड़ने के कारण वह सड़क किनारे लगे पेड़ से जा टकराई। हादसे में रेहड़ी चालक समेत कार सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतकों की पहचान हादसे में सुखविंदर सिंह (50) पुत्र दर्शन सिंह निवासी चक सकूर, इखलास कादिर पुत्र गुलाम कादिर और अनेक अमीन पुत्र मोहम्मद अमीन के रूप में हुई है।
सड़क सुरक्षा फोर्स के इंचार्ज एएसआई सतनाम सिंह ने बताया कि राहगीर ने हादसे की सूचना दी। सूचना मिलते ही SSF टीम मौके पर पहुंची। जांच में पता चला कि कार नंबर JK 01 BC 8358 जालंधर से पठानकोट की ओर जा रही थी। चौलांग टोल प्लाजा के पास अचानक कार का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। इसी पेड़ के पास एक व्यक्ति रेहड़ी लगा रहा था, जो भी कार की चपेट में आ गया। हादसे में सुखविंदर सिंह, इखलास कादिर और अनेक अमीन की मौत हो गई।
वहीं घायलों की पहचान उजैर अहमद पुत्र मोहम्मद अहमद निवासी श्रीनगर, दानिश पुत्र बशीर मोहम्मद और सोहेल पुत्र तारिक अहमद के रूप में हुई है। SSF टीम ने घायलों को प्राथमिक उपचार देने के बाद सिविल अस्पताल टांडा में भर्ती करवाया।हादसे के बाद SSF टीम ने क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त कार को सड़क से हटवाया और यातायात को सुचारू करवाया। मौके से बरामद सामान थाना भोगपुर के एसआई सुरिंदर सिंह के हवाले कर दिया गया। पुलिस मामले की जांच और आगे की कार्रवाई में जुटी है।