Home haryana Punjab में 25 जून तक पहुंच सकता है मानसून:आज 7 जिलों में...

Punjab में 25 जून तक पहुंच सकता है मानसून:आज 7 जिलों में बारिश का अलर्ट, 3 में तेज आंधी चलने-बिजली गिरने की चेतावनी

4
0
Google search engine

पंजाब और चंडीगढ़ में पिछले कुछ दिनों से मौसम बदला हुआ है।

आज (6 जून) 7 जिलों में बारिश और 3 जिलों में आंधी-बारिश का यलो अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
इसमें मुक्तसर, बठिंडा और मानसा में गरज-चमक, बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की चेतावनी जारी की गई है। वहीं पठानकोट, होशियारपुर, मुक्तसर, बठिंडा, मानसा, रूपनगर और मोहाली में बारिश होने की संभावना है।
मौसम विभाग चंडीगढ़ केंद्र के निदेशक सुरेंद्र पाल ने कहा, मानसून की यदि मौजूदा रफ्तार बनी रही और परिस्थितियां अनुकूल रहीं तो 20 से 25 जून के बीच पंजाब में प्रवेश कर सकता है। इस साल पंजाब में मानसूनी बारिश सामान्य से 8 से 10 फीसदी तक कम रहने की संभावना है।
उन्होंने बताया कि जून के मध्य से प्री-मानसून गतिविधियां शुरू हो सकती हैं। इस दौरान कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश होने के आसार हैं। पिछले 24 घंटों में हुई बारिश के कारण प्रदेश के अधिकतम तापमान में 2.2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। तापमान अब सामान्य से 3.4 डिग्री नीचे पहुंच गया है। सबसे अधिक 42 डिग्री तापमान बठिंडा में दर्ज किया गया।
जून के पहले 5 दिनों में सामान्य से 10% ज्यादा बारिश
राज्य में 5 जून सुबह तक औसतन 2 मिमी बारिश दर्ज की गई। इस दौरान एसबीएस नगर में 9.5 मिमी और रूपनगर में 6.9 मिमी सबसे अधिक वर्षा हुई। जून महीने के पहले पांच दिनों में राज्य में औसतन 3.1 मिमी बारिश दर्ज की गई है, जो इस अवधि के सामान्य औसत 2.8 मिमी से 10% अधिक है। सबसे अधिक बारिश एसबीएस नगर (9.5 मिमी), अमृतसर (8.4 मिमी), रूपनगर (7 मिमी) और मानसा (6.2 मिमी) में दर्ज की गई। वहीं बरनाला, मोगा और पठानकोट में अब तक एक बूंद भी बारिश नहीं हुई है। फाजिल्का (0.3 मिमी) और बठिंडा (0.4 मिमी) में भी बहुत कम वर्षा रिकॉर्ड की गई। मौसम विभाग के अनुसार अमृतसर, तरनतारन, फिरोजपुर, फतेहगढ़ साहिब और मानसा में इस अवधि के दौरान सामान्य से काफी अधिक (लार्ज एक्सेस) बारिश दर्ज की गई है।
मानसून ने पकड़ी रफ्तार
दक्षिण-पश्चिम मानसून 5 जून 2026 तक देश के दक्षिणी और पूर्वोत्तर हिस्सों में आगे बढ़ चुका है। मौसम विभाग के अनुसार अगले 2 से 3 दिनों में मानसून गोवा, महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, तमिलनाडु और पूर्वोत्तर राज्यों के कुछ और इलाकों में आगे बढ़ सकता है। उधर, पाकिस्तान और जम्मू-कश्मीर के आसपास एक पश्चिमी विक्षोभ (वेस्टर्न डिस्टर्बेंस) सक्रिय है,
जिसके कारण उत्तर भारत के मौसम पर असर पड़ रहा है। इसके साथ ही जम्मू-कश्मीर, अरब सागर और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के आसपास बने चक्रवाती परिसंचरण (साइक्लोनिक सर्कुलेशन) मौसम को प्रभावित कर रहे हैं। इन मौसमी सिस्टमों के असर से उत्तर भारत के कई इलाकों में बादल, बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं की गतिविधियां बनी रह सकती हैं।
तापमान में अब धीरे-धीरे बढ़ोतरी होगी
मौसम विज्ञान केंद्र चंडीगढ़ के डायरेक्टर सुरेंद्र पाल के अनुसार, पंजाब में 6, 7 और 11 जून को कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। वहीं 6 और 11 जून को राज्य के कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ बिजली गिरने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
उन्होंने बताया कि अगले दो दिनों तक अधिकतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव होने की उम्मीद नहीं है। इसके बाद तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी शुरू हो सकती है। अगले चार दिनों के दौरान अधिकतम तापमान 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ने का अनुमान है।
अगले तीन दिन ऐसा रहेगा मौसम
  • 7 जून: मौसम विभाग के अनुसार, 7 जून को पंजाब के अधिकांश हिस्सों में मौसम सामान्य रहने की संभावना है। हालांकि पठानकोट, गुरदासपुर और होशियारपुर जिलों के कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। बारिश के साथ कहीं-कहीं बादल छाए रहने और तापमान में मामूली गिरावट देखने को मिल सकती है।
  • 8 जून: 8 जून को पूरे पंजाब में किसी तरह का मौसम अलर्ट जारी नहीं किया गया है। ज्यादातर जिलों में मौसम साफ रहने की संभावना है। दिन के समय गर्मी का असर बढ़ सकता है और तापमान में हल्की बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है।
  • 9 जून: 9 जून को भी राज्य के लिए कोई मौसम चेतावनी जारी नहीं की गई है। अधिकांश क्षेत्रों में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। हालांकि कुछ जगहों पर आंशिक बादल छा सकते हैं, लेकिन फिलहाल बारिश या आंधी-तूफान की कोई संभावना नहीं जताई गई है।
हिमाचल प्रदेश में बीते एक सप्ताह के दौरान सामान्य से 39 प्रतिशत ज्यादा बारिश हो चुकी है। मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, 29 मई से 5 जून के बीच 14.8 मिमी सामान्य बारिश होती है, लेकिन इस बार 20.6 मिमी बादल बरस चुके हैं। अगले एक सप्ताह तक भी बारिश जारी रहने के आसार हैं।
Google search engine

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here