दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई होगी: एसएचओ
जालंधर के फगवाड़ा गेट इलेक्ट्रॉनिक्स बाजार में दुकानों के बाहर सामान रखने और अव्यवस्थित पार्किंग को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि बुधवार को कुछ दुकानदारों ने एक राहगीर के साथ सरेराह मारपीट की। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद थाना डिवीजन नंबर-3 की पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
दिवाली की खरीदारी के चलते बाजार में भारी भीड़ उमड़ रही है। दुकानदारों द्वारा सड़क तक सामान फैलाने से आवाजाही प्रभावित हो रही है और जाम की स्थिति बन रही है। इसी दौरान एक राहगीर और दुकानदारों के बीच कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर कुछ दुकानदारों ने कथित तौर पर राहगीर के साथ हाथापाई शुरू कर दी।
मौके पर मौजूद किसी व्यक्ति ने घटना का वीडियो बना लिया, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस हरकत में आ गई। थाना डिवीजन नंबर-3 के एसएचओ इंस्पेक्टर जगदीश लाल ने बताया कि पुलिस ने वीडियो डाउनलोड कर लिया है। फुटेज के आधार पर मारपीट में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है।
एसएचओ ने कहा कि जांच के बाद दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस विवाद की वजह और मारपीट में शामिल लोगों का पता लगा रही है।