पूर्व हलका इंचार्ज राजविंदर कौर थियाड़ा ने कहा कि उनकी ऑडियो को गलत तरीके से पेश किया गया।
जालंधर कैंट विधानसभा क्षेत्र में आम आदमी पार्टी (AAP) की पूर्व हलका इंचार्ज राजविंदर कौर थियाड़ा ने कहा कि उनकी ऑडियो को गलत तरीके से पेश किया गया। बातचीत के दौरान वह अपने दिवंगत पिता को याद करके भावुक हो गई थीं। पिता के साथ गहरे जुड़ाव के कारण उनकी याद आने पर भावुक होना स्वाभाविक है।
थियाड़ा ने कहा कि वह माई भागो की वारिस हैं, परेशान होने वाली नहीं हैं। उनकी भावनात्मक बातों को राजनीतिक विवाद के रूप में न देखा जाए। दीपक बाली को जालंधर कैंट का हलका इंचार्ज बनाए जाने के बाद पार्टी के भीतर नाराजगी की बातें सामने आने पर उन्होंने कहा कि वह पार्टी में ही हैं और कहीं नहीं जा रहीं।
लीक ऑडियो पर अपनी बात रखतीं राजविंदर कौर थियाड़ा।
ऑडियो लीक के बाद थियाड़ा ने रखी अपनी बात…
-
मैं पार्टी की वॉलंटियर हूं: राजविंदर कौर थियाड़ा ने AAP के साथ 14 साल के जुड़ाव का जिक्र करते हुए कहा कि वह उस समय से पार्टी के साथ हैं, जब जालंधर में कम लोग आम आदमी पार्टी को जानते थे। उन्होंने कहा, मैं पार्टी की वॉलंटियर हूं, मेरी मां पार्टी है। मैं आम आदमी पार्टी को जालंधर ही नहीं, पूरे पंजाब में लेकर आई हूं। जब लोग पूछते थे कि कौन-सी आम आदमी पार्टी है, तब से मैं पार्टी के साथ जुड़ी हुई हूं।
-
हलका इंचार्ज बदलने के सर्वे पर मांगा था रिकॉर्ड: आज भी मेरे हाथ में आम आदमी पार्टी का झंडा है और मैं पार्टी के साथ खड़ी हूं। हलका इंचार्ज बदलने और सर्वे को लेकर उठे सवालों पर थियाड़ा ने कहा कि जालंधर कैंट में नेतृत्व परिवर्तन को लेकर सर्वे की चर्चा चल रही थी। इसी संबंध में उन्होंने सर्वे का रिकॉर्ड मांगा था।
-
वरिष्ठ नेताओं से बातचीत करेंगी: उनका कहना है कि पार्टी की वॉलंटियर होने के नाते उन्हें यह जानने का अधिकार है कि संगठनात्मक फैसले किस आधार पर लिए जा रहे हैं। उन्होंने कहा, मैंने पार्टी को 14 साल दिए हैं। यह मेरी पार्टी है और सवाल पूछना मेरा हक है। पार्टी मुझे जवाब भी देगी।
-
नया हलका इंचार्ज नियुक्त करना पार्टी का निर्णय: थियाड़ा ने यह भी कहा कि चुनाव से ठीक पहले जालंधर कैंट का नया हलका इंचार्ज नियुक्त करना पार्टी का निर्णय है। वह इस मुद्दे पर पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से बातचीत करेंगी और अपने सवालों के जवाब मांगेंगी।
-
हलके के लोग जो कहेंगे, मैं वही करूंगी: दीपक बाली को हलका इंचार्ज बनाए जाने और उनके साथ मिलकर काम करने के सवाल पर थियाड़ा ने कहा कि यह पार्टी का फैसला है। उन्होंने कहा कि जालंधर कैंट के लोग उनके लिए परिवार की तरह हैं और वह उनकी राय को महत्व देंगी। लोग जो कहेंगे, मैं वही करूंगी।
-
प्रत्येक घर के साथ उनका पारिवारिक रिश्ता: थियाड़ा ने बताया कि कैंट विधानसभा क्षेत्र के प्रत्येक घर के साथ उनका पारिवारिक रिश्ता है। चाहे सरपंच हों, पार्षद हों या आम जनता, वह हर परिवार के साथ खड़ी रही हैं और उन्हें भी लोगों का साथ मिलता रहा है। दीपक बाली के साथ किस तरह काम करना है और आगे की राजनीतिक रणनीति क्या होगी, इस बारे में वह हलके के लोगों की राय को प्राथमिकता देंगी।
-
10 ब्लॉक अध्यक्षों के इस्तीफे उनका खुद का फैसला: जालंधर कैंट में दीपक बाली को हलका इंचार्ज बनाए जाने के बाद 11 ब्लॉक अध्यक्षों में से 10 के इस्तीफे पर राजविंदर कौर थियाड़ा ने कहा कि वह इस्तीफा देने वाले ब्लॉक अध्यक्षों के फैसले में शामिल नहीं थीं। उनके मुताबिक, सभी ने अपने स्तर पर निर्णय लिया था, क्योंकि उन्हें नेतृत्व परिवर्तन से दुख पहुंचा था।
-
राजनीतिक रिश्ते पारिवारिक रिश्तों में बदल जाते हैं: थियाड़ा ने कहा कि जब राजनीतिक रिश्ते पारिवारिक रिश्तों में बदल जाते हैं, तो लोग एक-दूसरे के साथ खड़े रहते हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी के फैसले से कई लोगों को तकलीफ हुई और ब्लॉक अध्यक्षों ने जो कदम उठाया, वह उनके जुड़ाव और स्नेह को दर्शाता है।