Home Latest News Canada में फ्लाइट ट्रेनिंग के दौरान विमान हादसा, तमिलनाडु और पुडुचेरी के...

Canada में फ्लाइट ट्रेनिंग के दौरान विमान हादसा, तमिलनाडु और पुडुचेरी के 2 भारतीय छात्रों की मौत

69
0
Google search engine

 भारतीय दूतावास ने इस घटना पर दुख जताया है.

कनाडा में फ्लाइट ट्रेनिंग के दौरान हुए एक विमान हादसे में दो भारतीय छात्रों की मौत हो गई. ये दोनों छात्र तमिलनाडु और पुडुचेरी के रहने वाले थे. वैंकूवर स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास ने इस घटना की जानकारी दी. मृतकों की पहचान मनोज शिवकुमार और श्रीसरण थिरुग्नानासंबंधम के रूप में हुई है.
भारतीय दूतावास ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर कर घटना पर दुख जाहिर किया है. दूतावास ने पोस्ट में कहा ‘वैंकूवर में भारत का वाणिज्य दूतावास, तमिलनाडु और पुडुचेरी के दो भारतीय छात्रों मनोज शिवकुमार और श्रीसरन तिरुज्ञानसंबंथम के दुखद निधन पर गहरी संवेदना व्यक्त करता है. कनाडा में फ़्लाइट ट्रेनिंग के दौरान एक दुखद हवाई दुर्घटना में इन छात्रों की जान चली गई’.
इसके आगे दूतावास ने कहा ‘इस मुश्किल समय में हमारी गहरी संवेदनाएं उनके शोक-संतप्त परिवारों और प्रियजनों के साथ हैं. वाणिज्य दूतावास उनके पार्थिव शरीर को भारत वापस लाने के संबंध में परिवारों को हर संभव कांसुलर सहायता देने के लिए तैयार है. दिवंगत आत्माओं को शांति मिले’.

परिजनों को दी जा रही हर संभव मदद

भारतीय दूतावास ने स्पष्ट किया है कि वो लगातार स्थानीय अधिकारियों और पीड़ित परिवारों के संपर्क में हैं. दूतावास अधिकारियों के मुताबिक दोनों मृत छात्रों के पार्थिव शरीरों को भारत में उनके गृह राज्य वापस लाने की प्रक्रिया में परिजनों को हर संभव कांसुलर और जरूरी सहायता प्रदान की जा रही है.

हादसे के कारणों की जांच जारी

फिलहाल ये हादसा कैसे हुआ इसको लेकर कोई जानकारी सामने नहीं आई है. स्थानीय प्रशासन हादसे के कारणों की जांच में जुटा है. कनाडाई मीडिया सीबीसी ने शनिवार को इसी तरह की एक विमान दुर्घटना की सूचना दी, हालांकि यह सत्यापित नहीं हो सका है कि यह वही घटना थी या नहीं. सीबीसी की रिपोर्ट के मुताबिक हार्व्स एयर द्वारा संचालित एक सेसना 172 विमान शुक्रवार की सुबह (स्थानीय समय) सस्केचेवान के किस्बे के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिसमें विमान में सवार दोनों लोगों की मौत हो गई.
विमान में दो लाइसेंस प्राप्त पायलट सवार थे जो रेजीना से सस्केचेवान के कार्लाइल होते हुए मैनिटोबा के स्टाइनबैक तक रात में क्रॉस-कंट्री उड़ान भर रहे थे. सीबीसी ने हार्व्स एयर के अध्यक्ष एडम पेनर के एक बयान का हवाला देते हुए बताया कि पायलटों ने अपने वाणिज्यिक पायलट लाइसेंस के लिए उड़ान के घंटे पूरे करने के लिए विमान किराए पर लिया था.

घटनास्थल पर दोनों लोगों को मृत पाया गया

विमान के सुबह करीब 10:30 बजे तक अपने गंतव्य पर नहीं पहुंचने के बाद कनाडा के परिवहन सुरक्षा बोर्ड को इसकी सूचना दी गई. इसके बाद विमान की तलाश के लिए खोज और बचाव अभियान शुरू किया गया. फ्लाइट स्कूल के बयान के अनुसार, खोज और बचाव टीमों ने शाम करीब 6 बजे विमान का मलबा ढूंढ लिया. घटनास्थल पर दोनों लोगों को मृत पाया गया.
ट्रेंटन स्थित संयुक्त बचाव समन्वय केंद्र (जेआरसीसी) की जनसंपर्क अधिकारी लेफ्टिनेंट जो हॉलैंडर ने बताया कि केंद्र ने लापता विमान की तलाश और बचाव अभियान का नेतृत्व किया. उन्होंने कहा कि 435 स्क्वाड्रन के सीसी-138 हरक्यूलिस विमान ने दुर्घटनास्थल का पता लगाया, जिसके बाद खोज और बचाव तकनीशियनों को पैराशूट के जरिए वहां उतारा गया. उन्होंने कहा कि खोज और बचाव अभियान पूरा होने के बाद जेआरसीसी ने मामला रॉयल कैनेडियन माउंटेड पुलिस (आरसीएमपी) को सौंप दिया.
सीबीसी की रिपोर्ट के मुताबिक, जनवरी 2025 के बाद से हार्व्स एयर से जुड़ी यह तीसरी विमान दुर्घटना है. पिछले साल जनवरी में स्कूल में कार्यरत एक प्रशिक्षक उस समय गंभीर रूप से घायल हो गया था जब एक छात्र द्वारा इंजन चालू करने के प्रयास के दौरान एक छोटे विमान के प्रोपेलर से उसे टक्कर लग गई थी. इसके बाद जुलाई 2025 में एक प्रशिक्षण अभ्यास के दौरान एक इंजन वाले विमान के हवा में दुर्घटनाग्रस्त होने से दो छात्र पायलटों की मौत हो गई थी.
Google search engine

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here