पंजाब के कई हिस्सों में मौसम धीरे-धीरे करवट लेने लगा है।
बीती रात पठानकोट में लगातार बारिश होने से मौसम सुहावना रहा और आज सुबह आसमान बादलों से ढका नजर आया। हालांकि, मौसम विभाग ने राज्य के 14 जिलों में बारिश की संभावना जताई है, लेकिन फिलहाल किसी प्रकार का अलर्ट जारी नहीं किया गया है।
जिन जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है उनमें पठानकोट, गुरदासपुर, अमृतसर, तरनतारन, होशियारपुर, नवांशहर, कपूरथला, जालंधर, लुधियाना, संगरूर, फतेहगढ़ साहिब, रूपनगर, पटियाला और मोहाली शामिल हैं।
3 जुलाई के आसपास पंजाब पहुंचेगा मानसून
मौसम विभाग के अनुसार, इस बार मानसून सामान्य तिथि 30 जून के बजाय करीब 3 जुलाई तक पंजाब में प्रवेश कर सकता है। मानसून फिलहाल मध्य प्रदेश तक पहुंच चुका है और अगले दो-तीन दिनों में उत्तर प्रदेश, बिहार, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश होते हुए जम्मू के रास्ते पंजाब में प्रवेश करने की संभावना है। इसका मतलब है कि लोगों को भीषण गर्मी और उमस से राहत पाने के लिए अभी कुछ दिन और इंतजार करना होगा।
तापमान सामान्य से काफी ऊपर
रविवार को राज्य के अधिकांश हिस्सों में अधिकतम तापमान लगभग 40 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया गया, जो सामान्य से करीब 4 डिग्री अधिक रहा। वहीं न्यूनतम तापमान भी लगभग 30 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। दिन और रात के तापमान में केवल 10 डिग्री का अंतर होने के कारण रात के समय भी उमस बनी हुई है। राज्य का सबसे गर्म शहर फरीदकोट रहा, जहां अधिकतम तापमान 45.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।चंडीगढ़ में फिलहाल नहीं मिलेगी राहत
चंडीगढ़ में भी गर्मी और उमस का असर लगातार बना हुआ है। रविवार को शहर का अधिकतम तापमान 41.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 5.3 डिग्री अधिक है। वहीं न्यूनतम तापमान 29.2 डिग्री सेल्सियस रहा।
मौसम विभाग का कहना है कि अगले तीन दिनों तक शहर में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। कुछ स्थानों पर हल्की बारिश या बूंदाबांदी के साथ गरज-चमक हो सकती है, लेकिन उमस में फिलहाल कोई खास कमी आने की संभावना नहीं है।
प्रमुख शहरों का अधिकतम तापमान
फरीदकोट – 45.7°C
बठिंडा – 44.0°C (न्यूनतम 29.0°C)
पटियाला – 42.2°C (न्यूनतम 31.1°C)
चंडीगढ़ – 41.6°C (न्यूनतम 29.2°C)
पठानकोट – 41.4°C (न्यूनतम 27.9°C)
लुधियाना – 41.2°C (न्यूनतम 30.4°C)
अमृतसर – 39.5°C (न्यूनतम 29.0°C)
30 जून तक मौसम में बड़ा बदलाव नहीं
छुट्टियां व मौसमी आयोजन
मौसम विभाग के अनुसार, 29 और 30 जून को पंजाब और चंडीगढ़ में किसी तरह का मौसम अलर्ट जारी नहीं किया गया है। इन दिनों मौसम सामान्य से आंशिक रूप से बादलयुक्त रहेगा और कुछ इलाकों में हल्की बारिश या बूंदाबांदी देखने को मिल सकती है।
1 और 2 जुलाई के लिए येलो अलर्ट
मौसम विभाग ने 1 और 2 जुलाई के लिए पंजाब और चंडीगढ़ में येलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान कई इलाकों में तेज गरज-चमक, बिजली गिरने, 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और कुछ स्थानों पर भारी बारिश की संभावना है। धूल भरी आंधी भी चल सकती है।
बारिश के बाद अधिकतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने का अनुमान है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी और उमस से राहत मिलने की उम्मीद है।
जुलाई के पहले सप्ताह में मिलेगी गर्मी से राहत
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि जुलाई के पहले सप्ताह में मानसून के सक्रिय होने के साथ ही पंजाब और चंडीगढ़ के अधिकांश इलाकों में मौसम सुहावना हो जाएगा। लगातार बारिश की गतिविधियां बढ़ने से तापमान में गिरावट आएगी और लोगों को लंबे समय से जारी गर्मी एवं उमस से राहत मिलेगी
















































