Home delhi उपचुनावों में ‘आप’ की शानदार जीत राज्य सरकार की जनहितैषी और विकासोन्मुख...

उपचुनावों में ‘आप’ की शानदार जीत राज्य सरकार की जनहितैषी और विकासोन्मुख नीतियों पर मुहर: CM Mann

92
0
Google search engine

पंजाब भवन में आम जनता के लिए डायनिंग हॉल का उद्घाटन करने के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने रविवार को कहा कि चार विधानसभा क्षेत्रों के उपचुनावों के नतीजे राज्य सरकार की जनहितैषी और विकासोन्मुख नीतियों के पक्ष में जनता का स्पष्ट जनादेश हैं।
पंजाब भवन में आम जनता के लिए डायनिंग हॉल का उद्घाटन करने के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि तीन सीटों पर ‘आप’ की जीत ने राज्य और उसके लोगों की सेवा के प्रति उनकी विनम्रता और समर्पण को और बढ़ा दिया है।
उन्होंने कहा कि ‘आप’ ने ये तीन सीटें चब्बेवाल, डेरा बाबा नानक और गिद्दड़बाहा – कांग्रेस से छीन ली हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा जनता के कल्याण और प्रदेश की प्रगति के लिए बनाई गई योजनाओं को जनता का भरपूर समर्थन मिला है।
एक सवाल के जवाब में मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों को देश की राजधानी दिल्ली में प्रवेश से रोकने के बजाय केंद्र सरकार को उनसे बातचीत कर उनके लंबित मुद्दे हल करने चाहिए।
उन्होंने कहा कि किसान देश के नागरिक हैं और उन्हें राजधानी में आने का पूरा अधिकार है। मुख्यमंत्री ने कटाक्ष करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री रूस और यूक्रेन के बीच मसले सुलझाने का श्रेय लेना पसंद करते हैं, लेकिन वे अपने देश के किसानों के मुद्दे सुलझाने में असमर्थ नजर आते हैं। मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि भारतमाला परियोजनाओं के लिए जमीन अधिग्रहण का कार्य राज्य में सुचारू रूप से चल रहा है।
किसानों की अपनी चिंताएं हैं, जिन्हें केंद्र सरकार को संवाद के जरिए हल करना चाहिए। उन्होंने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि केंद्र सरकार इन मामलों को हल करने की बजाए ताकत का प्रयोग कर किसानों को डराने-धमका रही है, जो अस्वीकार्य है।
एक अन्य सवाल पर मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व में ‘आप’ आगामी विधानसभा चुनावों में दिल्ली में सरकार बनाएगी। उन्होंने कहा कि ‘आप’ ने राष्ट्रीय राजधानी में कांग्रेस और भाजपा का पहले ही सफाया कर दिया है और अब इतिहास रचेगी, जब दिल्ली में एक बार फिर ‘आप’ की सरकार बनेगी। भगवंत सिंह मान ने कहा कि दीवार पर साफ लिखा है कि आगामी चुनावों में ‘आप’ प्रचंड जीत दर्ज करेगी क्योंकि दिल्ली के लोग केजरीवाल के साथ हैं।
कुछ राजनीतिक दलों द्वारा अपनाए जा रहे फूट डालो और राज करो के एजेंडे पर सख्त आपत्ति जताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यह देश के हित में नहीं है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में हुई हिंसा की घटनाओं को निंदनीय और दुर्भाग्यपूर्ण बताया।
उन्होंने कहा कि यह कुछ दलों द्वारा की जा रही नफरत की राजनीति का परिणाम है। भगवंत सिंह मान ने कहा कि ऐसी घटनाओं से बचा जाना चाहिए और भाईचारे, शांति तथा सांप्रदायिक सद्भावना की भावना को मजबूत किया जाना चाहिए।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब भवन के ए-ब्लॉक में नया डायनिंग हॉल राष्ट्रीय राजधानी के लोगों को यहां के स्वादिष्ट भोजन का आनंद लेने का अवसर प्रदान करेगा।
उन्होंने कहा कि पंजाब अपनी मेहमाननवाजी और लजीज व्यंजनों के लिए जाना जाता है, जो अब दिल्ली के लोगों के लिए उपलब्ध होंगे। भगवंत सिंह मान ने यह भी कहा कि जल्द ही पंजाब भवन के बी-ब्लॉक को भी अपडेट कर आम जनता के लिए भोजन के लिए खोल दिया जाएगा।
Google search engine

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here