Home haryana Haryana में Kejriwal ने जमाया चुनावी रंग, कई सीटों पर उलटफेर कर...

Haryana में Kejriwal ने जमाया चुनावी रंग, कई सीटों पर उलटफेर कर सकती है AAP; BJP-Congress के लिए बड़ी चुनौती

165
0
Google search engine

प्रदेश में पहली बार अकेले विधानसभा चुनाव लड़ रही आम आदमी पार्टी (आप) ने चुनावी रण में मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई है। पड़ोसी राज्यों पंजाब-दिल्ली में सत्तारूढ़ आप के उम्मीदवार अपने विरोधी उम्मीदवारों को हरियाणा में न केवल डेढ़ दर्जन विधानसभा सीटों पर कड़ी चुनौती दे रहे हैं, बल्कि कई सीटों पर उलटफेर करने की स्थिति में हैं। दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के प्रदेश में जनसभाएं और रोड शो करने से ऐसी स्थिति बनी है।

आप ने इन सीटों पर मुकाबले को बनाया त्रिकोणीय

भिवानी, कैथल का कलायत और पूंडरी, फरीदाबाद का बल्लभगढ़, करनाल का असंध, रोहतक का महम, यमुनानगर में जगाधरी, सिरसा में डबवाली और रानियां, फतेहाबाद में रतिया, गुरुग्राम में सोहना, दादरी और नूंह विधानसभा क्षेत्रों में आम आदमी पार्टी के उम्मीदवारों ने मुकाबले को त्रिकोणीय बनाया हुआ है।

लोकसभा चुनाव में आप के सर्वाधिक बढ़त वाले विधानसभा क्षेत्र कलायत में पार्टी के वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष अनुराग ढांडा भाजपा की पूर्व मंत्री कमलेश ढांडा, हिसार से कांग्रेस सांसद जयप्रकाश जेपी के बेटे विकास सहारण और इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) के प्रदेशाध्यक्ष रामपाल माजरा को टक्कर दे रहे हैं। पूंडरी में नरेंद्र शर्मा प्रतिद्वंद्वियों को कड़ी चुनौती दे रहे हैं।

कैथल और कुरुक्षेत्र की सीटों पर आप की निगाह

भिवानी सीट पर आप की इंदु शर्मा भाजपा प्रत्याशी घनश्याम सर्राफ के पसीने छुड़ाई हुई हैं। यहां मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी के प्रत्याशी ओमप्रकाश और कांग्रेस के बागी अभिजीत लाल सिंह तंवर मुकाबले को त्रिकोणीय बनाने की कोशिश कर रहे हैं। कांग्रेस ने भिवानी सीट माकपा के लिए छोड़ रखी है।

‘आप’ की निगाह विशेषकर कैथल और कुरुक्षेत्र जिलों की आठ विधानसभा सीटों पर है। लोकसभा चुनाव में शाहाबाद, पिहोवा, गुहला व कलायत में बतौर आइएनडीआई गठबंधन के प्रत्याशी और प्रदेशाध्यक्ष डॉ. सुशील गुप्ता ने बढ़त बनाई थी।

शाहाबाद में भाजपा के सुभाष कलसाना और कांग्रेस के रामकरण काला के मुकाबले आप ने महिला प्रत्याशी आशा रानी को उतारा है। आशा रानी को महिलाओं का समर्थन मिल रहा। गुहला में भाजपा के पूर्व विधायक कुलवंत बाजीगर और कांग्रेस के देवेंद्र हंस को आप प्रत्याशी राकेश खानपुर टक्कर दे रहे हैं।

नूंह से राबिया किदवई मैदान में

नूंह में पहली महिला उम्मीदवार राबिया किदवई मुकाबले में मुस्लिम बाहुल्य नूंह में आप ने राबिया किदवई को चुनावी रण में उतारा है, जो क्षेत्र की पहली महिला उम्मीदवार हैं। पूर्व राज्यपाल अखलाक उर रहमान किदवई की पौत्री कांग्रेस के निवर्तमान विधायक आफताब अहमद और भाजपा प्रत्याशी संजय सिंह को तगड़ी चुनौती दे रही हैं। जगाधरी में पार्टी के आदर्श पाल मजबूत स्थिति में हैं।

इसी तरह बल्लभगढ़ में रविंदर फौजदार, असंध में अमनदीप जुंडला, महम में विकास नेहरा, डबवाली में कुलदीप गदराना, रानियां में हरपिंदर, रतिया में मुख्तयार, सोहना में धर्मेंद्र खटाना और दादरी में धनराज कुंडू प्रतिद्वंद्वियों को चुनौती दे रहे हैं।

अरविंद केजरीवाल ने जमाया चुनावी रंग

शराब घोटाले में सुप्रीम कोर्ट से जमानत पर बाहर आते ही दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने हरियाणा में मोर्चा संभाला है जिससे कार्यकर्ताओं में उत्साह का संचार हुआ। उनसे पहले पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान और अरविंद केजरीवाल की पत्नी सुनीता केजरीवाल ने चुनाव प्रचार संभाला हुआ था।

यमुनानगर के जगाधरी, डबवाली, रानिया, भिवानी, महम, पूंडरी, कलायत, रेवाड़ी, दादरी, असंध, बल्लभगढ़ और बाढ़ड़ा में केजरीवाल की धुआंधार चुनाव रैलियों से पार्टी प्रत्याशियों को मजबूती मिली। उनके साथ पार्टी के संगठन महामंत्री डा. संदीप पाठक, राज्यसभा सदस्य संजय सिंह और पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. सुशील गुप्ता ने भी राज्य में आप के लिए चुनावी सभाएं की हैं।

 

Google search engine