Punjab-Chandigarh में आज (6 नवंबर) को मौसम साफ रहेगा। अगले कुछ दिनों तक मौसम ड्राई रहने की संभावना है।
हालांकि, पहाड़ों से आ रही ठंडी हवाओं के कारण रात के तापमान में गिरावट का रुख बना रह सकता है। मौसम विज्ञान केंद्र चंडीगढ़ के मुताबिक, राज्य में अधिकतम तापमान में 0.4 डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई। अब यह सामान्य से ऊपर पहुंच गया है। सबसे अधिक तापमान बठिंडा में 32.6 डिग्री दर्ज किया गया। पटियाला और चंडीगढ़ में 32.4 डिग्री तापमान रहा। इस दौरान पंजाब और चंडीगढ़ में कहीं भी बारिश रिकॉर्ड नहीं की गई।
नवंबर का पहला सप्ताह बीतने के बावजूद पंजाब और चंडीगढ़ में दिन के समय गर्मी बनी हुई है। कई शहरों में अधिकतम तापमान 32 डिग्री के पार दर्ज किया गया। वहीं, रात के तापमान में गिरावट से सुबह और रात के समय हल्की ठंड महसूस होने लगी है। पठानकोट और होशियारपुर में सबसे कम न्यूनतम तापमान 13.4 डिग्री दर्ज किया गया।
10 नवंबर से पहाड़ों पर बदलेगा मौसम
इस समय पहाड़ों पर पश्चिमी विक्षोभ का असर कमजोर है। हालांकि, 10 और 11 नवंबर को एक नया पश्चिमी विक्षोभ पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र को प्रभावित कर सकता है। इसके प्रभाव से हिमाचल प्रदेश के कुछ हिस्सों में बारिश होने की संभावना है। पंजाब में भी 10 और 11 नवंबर को कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है। चंडीगढ़ में फिलहाल 11 नवंबर तक मौसम साफ रहने का पूर्वानुमान है।
पठानकोट-होशियारपुर सबसे ठंडे
पंजाब में पठानकोट और होशियारपुर सबसे ठंडे रहे। दोनों जिलों में न्यूनतम तापमान 13.4 डिग्री दर्ज किया गया। बठिंडा में 13.6 और चंडीगढ़ में 13.7 डिग्री न्यूनतम तापमान रहा। फरीदकोट में पारा 14 डिग्री और गुरदासपुर में 14.2 डिग्री दर्ज हुआ। वहीं, अमृतसर में रात का तापमान 15.2, लुधियाना में 15.4 और पटियाला में 15 डिग्री रहा। अमृतसर में न्यूनतम तापमान सामान्य से 2.9 डिग्री और लुधियाना में 1.8 डिग्री अधिक रहा। इसके उलट चंडीगढ़ में तापमान सामान्य से 0.9 डिग्री नीचे दर्ज किया गया।
हवाएं कमजोर होने पर बढ़ सकती है परेशानी
तेज हवाएं चलने से फिलहाल पंजाब और चंडीगढ़ में प्रदूषण के स्तर में कुछ राहत मिली है। हालांकि, हवाओं की रफ्तार कम होने पर प्रदूषण बढ़ने की आशंका है। 8 नवंबर के आसपास हवा की गति कमजोर पड़ सकती है। इससे पंजाब और दिल्ली-एनसीआर में प्रदूषण का स्तर फिर बढ़ सकता है।















































