Home Latest News Jalandhar : अवैध खोखों पर चला नगर निगम का बुलडोजर, विरोध के...

Jalandhar : अवैध खोखों पर चला नगर निगम का बुलडोजर, विरोध के दौरान पथराव; महिला समेत 2 हिरासत में

2
0
Google search engine

भगत सिंह कॉलोनी क्षेत्र में नगर निगम की ओर से अवैध रूप से बनाए गए खोखों को हटाने के लिए अभियान चलाया गया।

कार्रवाई शुरू होते ही मौके पर तनावपूर्ण स्थिति बन गई और विरोध कर रहे कुछ लोगों तथा स्थानीय निवासियों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों में पथराव और हाथापाई की नौबत आ गई। सूचना मिलते ही थाना-1 की पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया। नगर निगम की टीम जेसीबी के साथ अवैध निर्माण हटाने पहुंची थी।
इसी दौरान कार्रवाई का विरोध कर रहे लोगों ने हंगामा शुरू कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार देखते ही देखते दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और एक-दूसरे पर ईंट-पत्थर फैंके गए। घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सामने आई तस्वीरों और वीडियो में भी दोनों पक्षों के बीच धक्का-मुक्की और पथराव जैसी स्थिति दिखाई दी। स्थिति बिगड़ने पर पुलिस ने तत्काल हस्तक्षेप करते हुए महिला सहित दो लोगों को हिरासत में लिया। पुलिस के अनुसार हिरासत में लिए गए लोगों में एक खोखे का संचालक भी शामिल है।
अधिकारियों ने बताया कि मामले में संबंधित पक्षों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और जांच के बाद कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी। थाना प्रभारी ने बताया कि नगर निगम द्वारा दो अवैध खोखों को हटाया गया। कार्रवाई के दौरान हुए विरोध और पथराव की घटना को गंभीरता से लिया गया है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है तथा उपलब्ध वीडियो और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। दूसरी ओर, विरोध कर रहे लोगों का आरोप है कि नगर निगम ने बिना पूर्व सूचना या नोटिस दिए कार्रवाई की।
वहीं स्थानीय निवासियों का कहना है कि क्षेत्र में लंबे समय से अवैध कब्जों और झुग्गियों को लेकर शिकायतें की जा रही थीं, जिसके बाद प्रशासन ने यह अभियान चलाया। कुछ लोगों ने यह भी आरोप लगाए कि संबंधित व्यक्तियों ने आसपास अन्य मकान किराये पर दे रखे हैं, जबकि स्वयं सरकारी भूमि पर अवैध रूप से झुग्गियां बनाकर रह रहे हैं। हालांकि इन आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है। भारी विरोध और तनावपूर्ण माहौल के बावजूद नगर निगम की टीम ने पुलिस सुरक्षा के बीच अभियान जारी रखा और चिन्हित अवैध खोखों को हटाने की कार्रवाई पूरी की।
Google search engine

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here