चंडीगढ़ के 3 सरकारी स्कूलों को ईमेल भेजकर बम धमाके की धमकी दी गई है।
ईमेल में खालिस्तान जिंदाबाद के नारे लिखने के साथ दोपहर 1:11 बजे स्कूलों में धमाके करने की चेतावनी दी गई। ईमेल में पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान और डीजीपी कार्यालय का भी जिक्र किया गया है। धमकी मिलने के बाद पुलिस की टीमें जांच के लिए मौके पर पहुंचीं, लेकिन तलाशी के दौरान कोई बम या संदिग्ध वस्तु नहीं मिली।
गुरुवार सुबह करीब 9:08 बजे केनेथ मैक्सिमस नाम से एक ईमेल भेजा गया। यह ईमेल सेक्टर-20, सेक्टर-23 और सेक्टर-32 के सरकारी स्कूलों के ईमेल पतों पर भेजा गया था। इसमें लिखा गया, “CHANDIGARH BoleGa KHALISTAN Zindabad Zindabad”।
ईमेल में चंडीगढ़ के स्कूलों में बम धमाके करने की धमकी के साथ अलग-अलग समय का जिक्र किया गया। इसमें कुछ सरकारी कार्यालयों को भी निशाना बनाने की बात लिखी गई। इसके अलावा लिखा गया परविंदर सिंह झोटा की मौत का बदला लेने के लिए पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान को निशाना बनाया जाएगा। ईमेल में इस संबंध में धमकी भरी भाषा का इस्तेमाल किया गया है।
स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी देने के लिए भेजी गई ईमेल।
ईमेल में CM और DGP कार्यालय का जिक्र
ईमेल में पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के खिलाफ आपत्तिजनक और धमकी भरी भाषा का इस्तेमाल किया गया है। इसमें डीजीपी कार्यालय का भी जिक्र है। ईमेल में धमाकों के लिए CM को जिम्मेदार ठहराने जैसी बातें लिखी गई हैं। अंत में “KHALISTAN National ARMY” के नाम के साथ कुछ व्यक्तियों और संगठनों के नाम भी लिखे गए हैं। हालांकि, ईमेल में किसी व्यक्ति या संगठन का नाम होने से यह साबित नहीं होता कि धमकी उसी ने भेजी है। पुलिस ईमेल भेजने वाले की पहचान और संदेश की सत्यता की जांच कर रही है।
पंजाब सचिवालय को पहले भी मिल चुकी है बम से उड़ाने की धमकी।
पहले भी हाईकोर्ट से स्कूलों तक मिल चुकी धमकियां
चंडीगढ़ में इससे पहले भी बम से उड़ाने की धमकियां मिलती रही हैं। पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट, चंडीगढ़ जिला अदालत, बस स्टैंड, सरकारी और निजी स्कूलों, पासपोर्ट ऑफिस और पंजाब सचिवालय समेत कई स्थानों को अलग-अलग मौकों पर धमकी दी जा चुकी है।
इन मामलों में पुलिस और संबंधित सुरक्षा एजेंसियों ने तलाशी ली थी, लेकिन जांच के दौरान संबंधित स्थानों से कोई बम या संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई थी। इस बार स्कूलों को धमकी भरा ईमेल मिलने के बाद भी पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की। इस दौरान भी कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली।
ईमेल भेजने वाले की पहचान की जांच
पुलिस धमकी भरे ईमेल के स्रोत और इसे भेजने वाले की पहचान का पता लगाने में जुटी है। ईमेल में लिखे संदेशों और धमकी में बताए गए समय को भी जांच में शामिल किया गया है। फिलहाल, पुलिस की जांच में किसी विस्फोटक सामग्री की बरामदगी नहीं हुई है।