जालंधर के गोरायां इलाके में समराड़ी नहर के पास एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क से उतरकर खेतों में पलट गई।
बताया जा रहा है कि सड़क में बने गड्ढे के कारण स्विफ्ट कार का संतुलन बिगड़ गया और वह मुख्य मार्ग से फिसलते हुए करीब 15 फीट नीचे खेत में जा गिरी। हादसा इतना भीषण था कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हालांकि, दुर्घटना के बावजूद कार चला रहे बुजुर्ग चालक की जान बच गई और उन्हें मामूली चोटें ही आईं।
घटना के संबंध में जानकारी देते हुए पास के गांव धुलैता के पंच पवित्र सिंह ने बताया कि सफेद स्विफ्ट कार धुलैता गांव के रास्ते से होते हुए समराड़ी रोड के जरिए अपरा की ओर जा रही थी। जैसे ही कार समराड़ी नहर के पास पहुंची, चालक का अचानक वाहन से नियंत्रण हट गया। इसके बाद कार तेज रफ्तार में अनियंत्रित होकर कई बार पलटी खाते हुए सड़क से करीब 15 फीट नीचे खेत में जा गिरी।
धुलैता के पंच पवित्र सिंह।
रिश्तेदारों से मिलने अपरा गांव जा रहे थे बुजुर्ग
पंच पवित्र सिंह ने बताया कि कार में केवल एक बुजुर्ग व्यक्ति सवार थे। हादसे के बाद कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, लेकिन राहत की बात रही कि चालक को गंभीर चोट नहीं लगी। कार चालक होशियारपुर के रहने वाले हैं और अपरा गांव में अपने रिश्तेदारों से मिलने जा रहे थे। दुर्घटना के तुरंत बाद आसपास के लोगों ने मौके पर पहुंचकर बुजुर्ग को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।