जालंधर के युवा क्रिकेटर अर्जुन राजपूत का भारतीय अंडर-19 क्रिकेट टीम में चयन हुआ है।
श्रीलंका दौरे पर जाने वाली बीसीसीआई की टीम में उनका नाम शामिल है। कूच बिहार ट्राफी में केरल के खिलाफ 200 रन बनाकर अर्जुन सिलेक्टर की नजर में आए।
अर्जुन ने अंडर-14 और अंडर-16 स्तर पर शानदार प्रदर्शन किया है। कूच बिहार ट्रॉफी एलीट मुकाबले में पंजाब के लिए खेलते हुए उन्होंने सौराष्ट्र के खिलाफ 121 रनों की यादगार शतकीय पारी भी खेली थी।
पंजाब से 4 प्लेयर का इंडिया की अंडर 19 टीम में सिलेक्शन हुआ है। इनमें सागर विर्क (पटियाला) अर्जुन राजपूत (जालंधर), अनमोलजीत सिंह (लुधियाना) और इशान सूद (रोपड़) शामिल हैं।
अर्जुन के टीम में चयन के बाद भास्कर ने उनके घर जाकर उनसे और उनके माता-पिता से भी बातचीत की…
अर्जुन के सिलेक्शन के बाद घर की PHOTOS…
अर्जुन राजपूत के टीम में सिलेक्शन के बाद घर में लड्डू खिलातीं बहनें और उनकी मां।
अर्जुन राजपूत लोकल टूर्नामेंट और कूच बिहार में कई ट्रॉफी जीत चुके हैं।
अर्जुन के पिता होती राम डीएवी (DAV) कॉलेज के पास छोले-कुलचे की रेहड़ी लगाते हैं। वो पहले घर में रखी मशीन से ही कुलचे बनाते हैं।
पिता अपनी स्कूटी पर ही हर रोज छोले-कुलचे का सारा सामान लेकर जाते हैं और रेहड़ी लगाते हैं।
पढ़िए कहां से ली कोचिंग और कैसे पढ़ाई की…
अर्जुन ने 7 साल में खेलना शुरू किया
जालंधर के राम नगर निवासी अर्जुन ने 7 साल की उम्र में क्रिकेट खेलना शुरू किया था। लेफ्ट हेंडर अर्जुन ने बताया कि उन्होंने अपनी शुरुआती कोचिंग जालंधर में ही कोच विक्रम सिद्धू से ली है। विक्रम सिद्धू ही वह शख्स हैं जिन्होंने बचपन में अर्जुन की प्रतिभा को पहचाना, उन्हें गाइड किया और उनका पहला बैट तक स्पॉन्सर किया।
भज्जी की अकादमी से कोचिंग, स्कॉलरशिप से की पढ़ाई
इसके अलावा अर्जुन ने जालंधर की अकादमियों PAP और पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन में रहकर स्किल्स को निखारा। PAP जालंधर हरभजन सिंह (भज्जी) पूर्व क्रिकेटर की अकादमी है। अर्जुन का क्रिकेट के प्रति लगाव देखकर जालंधर के प्राइवेट स्कूल ने उनको 100 फीसदी स्कॉलरशिप दी। उनको पढ़ाई के साथ खेल निखारने का मौका दिया।
पिता DAV कॉलेज के पास छोले कुलचे की रेहड़ी लगाते
अर्जुन के पिता होती राम डीएवी (DAV) कॉलेज के पास छोले-कुलचे की रेहड़ी लगाते हैं। उन्होंने बताया कि कम इनकम के बावजूद उन्होंने अपने बेटे के क्रिकेटर बनने के सपने को पूरा करने के लिए हर संभव प्रयास किया। पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन (PCA) और जालंधर जिला क्रिकेट एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने अर्जुन के चयन पर उनको बधाई दी।
मां बोलीं- बेटे का सपना पूरा हो रहा
मां नंदिनी देवी ने भास्कर से बातचीत में बताया कि बेटे का भारतीय अंडर-19 क्रिकेट टीम में नाम आने पर परिवार में खुशी का माहौल है। बेटे का सपना पूरा हो रहा है। वहीं बहन ने कहा कि भाई को रात को ही नाम आने के बारे में पता लग गया था। अब लोगों के फोन आने शुरू हो गए हैं।
सागर विर्क (पटियाला) अर्जुन राजपूत (जालंधर), इशान सूद (रोपड़) और अनमोलजीत सिंह (लुधियाना) का अंडर-19 क्रिकेट टीम में चयन हुआ।
जानें अर्जुन राजपूत का क्रिकेट सफर
7 साल की उम्र में पहली बार बैट थामा: अर्जुन ने महज 7 साल की उम्र से ही क्रिकेट खेलना शुरू कर दिया था। उनके पहले कोच विक्रम सिद्धू ने उनकी प्रतिभा को पहचाना और उन्हें उनका पहला क्रिकेट बैट खरीद कर दिया था।
लेफ्ट हैंड से करते हैं बैटिंग: अर्जुन राजपूत टीम में ऑलराउंडर के रूप में खेलते हैं। वो बाएं हाथ के आक्रामक बल्लेबाज और दाएं हाथ के मध्यम गति के गेंदबाज हैं। अपनी बैटिंग और बॉलिंग से टीम को सहयोग करते हैं।
युवराज सिंह को मानते हैं आइडल : जालंधर में 2007 में जन्में अर्जुन राजपूत पूर्व भारतीय दिग्गज क्रिकेटर युवराज सिंह को अपना आदर्श मानते हैं और उन्हीं की तरह आक्रामक बल्लेबाजी करना पसंद करते हैं।
कूच बिहार ट्राफी में 121 रन बनाए: अर्जुन ने पंजाब के लिए अंडर-14 और अंडर-16 स्तर पर लगातार बेहतरीन प्रदर्शन किया है। इसके अलावा, कूच बिहार ट्रॉफी एलीट मुकाबले में पंजाब की तरफ से खेलते हुए उन्होंने सौराष्ट्र के खिलाफ 121 रनों की शानदार शतकीय पारी खेली थी, जिसने चयनकर्ताओं का ध्यान अपनी ओर खींचा। इसके अलावा वे पंजाब की एग्री किंग्स नाइट्स टीम का हिस्सा भी रह चुके हैं।
कूच बिहार ट्राफी में 121 रन की पारी खेलेत जालंधर के अर्जुन राजपूत।
सांसद मीत हेयर ने दी बधाई
आनरेरी सेक्रेटरी और पंजाब के संगरूर से आप सांसद गुरमीत सिंह मीत हेयर ने श्रीलंका सीरीज के लिए भारत की पुरुष अंडर-19 टीम में चयन होने पर पंजाब के युवा क्रिकेटरों को अपनी बधाई दी।गुरमीत सिंह मीत हेयर ने इंस्टा पोस्ट पर लिखा- आपकी लगन, कड़ी मेहनत और जुनून ने आपको देश का प्रतिनिधित्व करने का यह अवसर दिलाया है। आप सभी को एक सफल दौरे और भारतीय जर्सी में कई यादगार प्रदर्शनों के लिए ढेर सारी शुभकामनाएं।