भिवानी के तोशाम कस्बे की अनाज मंडी में बुधवार को तोशाम से कांग्रेस प्रत्याशी अनिरुद्ध चौधरी के समर्थन में जनसभा का आयोजन किया गया। जनसभा को संबोधित करने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र हुड्डा, पूर्व क्रिकेटर वीरेंद्र सहवाग व चुरू से सांसद राहुल कस्वां पहुंचे। सभी ने जनसभा को संबोधित करते हुए अनिरुद्ध चौधरी को तोशाम हल्के से जिताने की अपील की। अनाज मंडी में आयोजित भीड़ ने तोशाम हल्के की आज तक की सभी रैलियों के रिकार्ड तोड़ दिए। जनसभा में जुटी भीड़ ने अनिरुद्ध चौधरी के समर्थन में नारे लगाए व तोशाम से एकतरफा जीत का आश्वासन दिया।
जनसभा को संबोधित करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा है कि प्रदेश में कांग्रेस की लहर चल रही है और सरकार बनने जा रही है। हुड्डा ने केंद्र व प्रदेश की बीजेपी सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि किसानों की आमदनी दुगुनी करने का वायदा करने वाली बीजेपी सरकार ने किसानों पर अत्याचार ढहाए। तीन काले कानूनों को लेकर किसानों ने आंदोलन चलाया, 750 किसानों को जान गंवानी पड़ी। आखिरकार काले कानून वापस लेने पड़े।
















































