Home Latest News Punjab Bandh का असर: बाजारों में पसरा सन्नाटा, सड़कें सुनसान; कई जगह...

Punjab Bandh का असर: बाजारों में पसरा सन्नाटा, सड़कें सुनसान; कई जगह बस सेवाएं प्रभावित

4
0
Google search engine

पंजाब के मानसा में परविंदर सिंह झोटा हत्याकांड के बाद आज पूरे पंजाब में बंद का आह्वान किया गया है।

इस बंद का असर राज्य के कई शहरों में देखने को मिल रहा है। सुबह से ही बाजारों में सन्नाटा पसरा हुआ है और कई जगह सड़कें सुनसान नजर आ रही हैं। व्यापारियों, किसानों और अलग-अलग सामाजिक संगठनों ने बंद का समर्थन किया है। वहीं, लोगों से शांतिपूर्ण तरीके से विरोध प्रदर्शन करने की अपील भी की गई है।
फाजिल्का में बंद का पूरा असर, दोपहर 1 बजे तक बंद रहेंगे बाजार
फाजिल्का में पंजाब बंद के समर्थन में व्यापार मंडल, किसान संगठनों और विभिन्न सामाजिक संगठनों ने बाजार बंद रखने का फैसला लिया है। शहर में सुबह से ही दुकानें बंद हैं और बाजारों में सन्नाटा देखने को मिल रहा है। जानकारी के अनुसार, फाजिल्का में यह बंद दोपहर 1 बजे तक रहेगा। इसके अलावा, अलग-अलग संगठनों की ओर से सुबह 10:30 बजे शहर के बाजारों में रोष मार्च निकाला जाएगा। यह मार्च शहर से होते हुए डीसी कार्यालय पहुंचेगा।
फिरोजपुर में दो नेताओं को पुलिस ने हिरासत में लिया
पंजाब बंद का समर्थन करने वाले दो नेताओं को फिरोजपुर पुलिस ने सुबह उनके घरों से हिरासत में ले लिया। इनमें वंचित समाज से जुड़े नेता दीप दशनानंद और मिसल सतलुज के पदाधिकारी मान सिंह किली शामिल हैं। दोनों नेताओं ने पंजाब बंद का पूरा समर्थन किया था। उन्होंने इस मुद्दे को लेकर धरना देने का भी ऐलान किया था। इसके बाद पुलिस ने सुबह ही दोनों को हिरासत में ले लिया।
किसान संगठनों ने भी किया बंद का समर्थन
पंजाब बंद को किसान संगठनों का भी समर्थन मिल रहा है। किसान मजदूर संघर्ष समिति के नेता सरवन सिंह पंधेर ने कहा कि सभी यूनियनों ने पंजाब के लोगों से अपील की है कि वे नशा माफिया के खिलाफ बुलाए गए पंजाब बंद को सफल बनाएं। उन्होंने बताया कि किसान मजदूर संघर्ष समिति की ओर से पूरे पंजाब में जिला मुख्यालयों पर बंद का आह्वान किया गया है। उन्हें उम्मीद है कि लोग इस बंद में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेंगे।
सरवन सिंह पंधेर ने यह भी कहा कि विरोध प्रदर्शन शांतिपूर्ण होना चाहिए। किसी भी व्यक्ति को माहौल खराब नहीं करना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि आपातकालीन सेवाएं चालू रहनी चाहिए, ताकि जरूरतमंद लोगों को किसी तरह की परेशानी न हो।
पंजाब बंद का स्कूलों पर भी असर
पंजाब बंद को देखते हुए कई निजी स्कूलों ने बच्चों की पढ़ाई और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए छुट्टी करने का फैसला लिया है। कई स्कूलों ने बीती रात ही अभिभावकों को मोबाइल पर संदेश भेजकर आज स्कूल बंद रहने की जानकारी दे दी थी। हालांकि,  सरकारी स्कूल सामान्य दिनों की तरह खुले हुए हैं। ऐसे में निजी और सरकारी स्कूलों को लेकर अलग-अलग स्थिति देखने को मिल रही है।
फाजिल्का में दवाइयों की दुकानें भी रहेंगी बंद
फाजिल्का जिला केमिस्ट एसोसिएशन ने भी पंजाब बंद का समर्थन किया है। एसोसिएशन के फैसले के अनुसार, दवाइयों की दुकानें सुबह 11 बजे तक बंद रहेंगी। इसके बाद सभी केमिस्ट दुकानें खोल देंगे, ताकि मरीजों को दवाइयां खरीदने में परेशानी न हो। इस फैसले का उद्देश्य बंद का समर्थन करने के साथ-साथ मरीजों की जरूरतों का भी ध्यान रखना है।
रेल यातायात सामान्य, बस सेवाएं प्रभावित
पंजाब बंद के बीच रेल यातायात पर फिलहाल कोई खास असर नहीं पड़ा है। ट्रेनें सामान्य रूप से चल रही हैं और रेल सेवाएं पहले की तरह जारी हैं। दूसरी ओर, बस सेवाओं पर बंद का असर देखने को मिल रहा है। जानकारी के मुताबिक, राज्य में करीब 10 प्रतिशत बसें ही चल रही हैं। इनमें लंबी दूरी के कुछ रूटों की बसें भी शामिल हैं। बसों की संख्या कम होने के कारण यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। ऐसे में सड़क मार्ग से यात्रा करने वाले लोग रेलवे स्टेशन का रुख कर सकते हैं। इसके चलते रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों की भीड़ बढ़ने की संभावना है।
बठिंडा में निजी बसें बंद, सरकारी बसें चल रही हैं
बठिंडा में पंजाब बंद का असर बस सेवाओं पर दिखाई दे रहा है। यहां सभी निजी बसें बंद हैं, जबकि सरकारी बसें चल रही हैं। वहीं, राज्य के कई अन्य शहरों में भी सरकारी और निजी, दोनों तरह की बस सेवाएं प्रभावित हुई हैं। अलग-अलग जिलों में बसों की आवाजाही की स्थिति अलग-अलग बनी हुई है।
तरनतारन में दुकानें बंद, पुलिस तैनात
तरनतारन में भी सुबह से पंजाब बंद का असर दिखाई दे रहा है। शहर के बोहड़ी चौक पर पुलिस तैनात की गई है। वहीं, बाजारों में सभी दुकानें बंद हैं और सड़कों पर बसों की आवाजाही भी कम देखने को मिल रही है। प्रशासन की ओर से स्थिति पर नजर रखी जा रही है, ताकि किसी भी तरह की अप्रिय घटना को रोका जा सके।
फरीदकोट में बाजार पूरी तरह बंद, लोगों का मिल रहा समर्थन
फरीदकोट में भी पंजाब बंद का असर साफ दिखाई दे रहा है। शहर के बाजार अभी तक पूरी तरह बंद हैं। आम दिनों में इस समय तक दुकानें खुलनी शुरू हो जाती हैं, लेकिन आज बंद के समर्थन में दुकानदारों ने अपने प्रतिष्ठान नहीं खोले हैं। बंद को आम लोगों का भी समर्थन मिलता दिखाई दे रहा है। हालांकि, फरीदकोट में बसों की आवाजाही जारी है। वहीं, जिले के सभी स्कूल बंद हैं।
पंजाब बंद के दौरान आपातकालीन सेवाएं जारी रखने की अपील
पंजाब बंद के समर्थन में किसान संगठनों, व्यापारियों और सामाजिक संगठनों के उतरने से राज्य के कई हिस्सों में जनजीवन प्रभावित हुआ है। बाजारों में सन्नाटा है और कई जगह बस सेवाएं सीमित हैं। हालांकि, रेल यातायात सामान्य बना हुआ है। विरोध प्रदर्शन के बीच किसान नेताओं ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है। साथ ही, यह भी कहा गया है कि एंबुलेंस और अन्य जरूरी सेवाओं को नहीं रोका जाना चाहिए, ताकि आम लोगों को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।
Google search engine

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here