Home Latest News Jalandhar में नशा तस्कर की शिकायत ASI ने की बदसलूकी:पीड़ित से...

Jalandhar में नशा तस्कर की शिकायत ASI ने की बदसलूकी:पीड़ित से दुर्व्यवहार व कांग्रेस नेता से बहस का वीडियो वायरल

30
0
Google search engine

जालंधर में पुलिस की कार्यप्रणाली को कठघरे में खड़ा करने वाला एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

पूरा मामला परागपुर चौकी का है, जहां नशा तस्कर के खिलाफ शिकायत देने पहुंचे एक युवक के साथ चौकी इंचार्ज एएसआई हरदयाल द्वारा बदसलूकी करने का गंभीर आरोप लगा है। पीड़ित युवक तीन दिनों से थाने के चक्कर काट रहा था, लेकिन उसकी शिकायत दर्ज नहीं की जा रही थी। इस मामले में हस्तक्षेप करने पहुंचे कांग्रेस नेता अंगद दत्ता की भी चौकी इंचार्ज के साथ तीखी बहस हुई, जिसके बाद पुलिस अधिकारी ने वीडियो रिकॉर्डिंग बंद करवा दी।
घटना की शुरुआत दो दिन पहले जालंधर कैंट के पास स्थित नंगल गांव से हुई थी। गांव के करण नाम के एक युवक ने इलाके में सरेआम नशा बेच रहे एक तस्कर को रंगे हाथों पकड़ा था। आरोपी ने मौके से भागने की कोशिश की और हमला करके वहां से फरार हो गया। इस घटना के तुरंत बाद करण और स्थानीय निवासियों ने पुलिस प्रशासन को नशा तस्कर के खिलाफ सूचना दी और कड़ी कार्रवाई की मांग की।

तीन से थाने का काट रहा चक्कर

पीड़ित युवक करण का आरोप है कि वह लगातार तीन दिनों तक परागपुर पुलिस चौकी के चक्कर काटता रहा, लेकिन उसकी कोई सुनवाई नहीं हुई। थाने में तैनात पुलिसकर्मी उसकी शिकायत दर्ज करने में टालमटोल करते रहे। बीते दिन जब पीड़ित लगातार तीसरी बार अपनी शिकायत दर्ज कराने पहुंचा, तो चौकी इंचार्ज एएसआई हरदयाल ने उसके साथ गलत व्यवहार किया और उसे डांटकर भगा दिया।
मामले की जानकारी मिलते ही कांग्रेस नेता अंगद दत्ता परागपुर पुलिस चौकी पहुंचे और पुलिस कर्मियों से जवाब-तलब किया। वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि अंगद दत्ता ने चौकी इंचार्ज से सवाल किया कि दो दिन पहले पकड़े गए नशा तस्कर के खिलाफ पुलिस ने क्या कार्रवाई की है। उन्होंने एएसआई से यह भी पूछा कि क्या इस गंभीर मामले को लेकर उच्च अधिकारियों के कोई फोन या निर्देश आए हैं।

कांग्रेस नेता के सवालों पर चौकी इंचार्ज भड़के

कांग्रेस नेता के सवालों पर चौकी इंचार्ज एएसआई हरदयाल भड़क गए। उन्होंने कार्रवाई की बात से साफ इनकार करते हुए कहा कि उनके पास ऐसा कोई तस्कर आया ही नहीं है। बहस बढ़ती देख एएसआई ने गुस्से में कहा कि ‘जाकर कह दो कि चौकी इंचार्ज कुछ नहीं कर रहा।’ जब उन्होंने देखा कि पूरी घटना का वीडियो बनाया जा रहा है, तो वह अपनी कुर्सी से उठे और जबरन वीडियो रिकॉर्डिंग बंद करवा दी।
इस पूरी घटना के बाद से स्थानीय लोगों में पुलिस के प्रति भारी रोष व्याप्त है। कांग्रेस नेता अंगद दत्ता ने पुलिस पर नशा तस्करों को संरक्षण देने का आरोप लगाया है। हालांकि, वीडियो वायरल होने और बदसलूकी के आरोपों को लेकर फिलहाल एएसआई हरदयाल या पुलिस विभाग के किसी वरिष्ठ अधिकारी का कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
Google search engine

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here