Home Latest News घर बेच रहा मुज्तबा खामेनेई! लंदन में उससे जुड़े ₹460 करोड़ के...

घर बेच रहा मुज्तबा खामेनेई! लंदन में उससे जुड़े ₹460 करोड़ के फ्लैट्स की लगी बोली

3
0
Google search engine

ईरान के सर्वोच्च नेता मुज्तबा खामेनेई से जुड़े बताए जा रहे लंदन के दो लग्जरी फ्लैट्स बिकने को तैयार हैं.

ईरान के सर्वोच्च नेता मुज्तबा खामेनेई से जुड़े बताए जा रहे लंदन के दो लग्जरी फ्लैट्स अब बिकने के लिए बाजार में आ गए हैं. इन दोनों प्रॉपर्टीज की कुल कीमत करीब 36 मिलियन पाउंड (लगभग 460 करोड़ रुपये) बताई जा रही है. हालांकि, सरकारी जमीन के रिकॉर्ड के मुताबिक, इनका मालिकाना हक ईरानी बिजनेसमैन अली अलीअकबर अंसारी के नाम पर है.
द टेलीग्राफ और द संडे टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, अंसारी ने इन प्रॉपर्टीज को खरीदने के लिए निजी कर्जदाताओं से लोन लिया था. लोन की किस्तें नहीं चुका पाने के बाद कर्जदाताओं ने अपना पैसा वापस लेने के लिए रिसीवर नियुक्त किए. अब इन्हीं रिसीवरों की निगरानी में फ्लैट्स को बेचने की तैयारी हो रही है. इनमें से एक पेंटहाउस को सोथबीज और नाइट फ्रैंक करीब 12 मिलियन पाउंड (लगभग 153 करोड़ रुपये) में बेच रहे हैं. यह प्रॉपर्टी 3a पैलेस ग्रीन की छठी और सातवीं मंजिल पर है. करीब 3,944 वर्ग फुट में फैले इस पांच बेडरूम वाले पेंटहाउस में स्टाफ के लिए अलग रहने की जगह और केंसिंग्टन पैलेस के नजारे वाला बड़ा रूफ टेरेस भी है.

केंसिंग्टन पैलेस के पास खरीदी थी प्रॉपर्टी

सरकारी जमीन के रिकॉर्ड के मुताबिक, अंसारी ने यह पेंटहाउस 2016 में करीब 19 मिलियन पाउंड में खरीदा था. दूसरी प्रॉपर्टी 2014 में 16.75 मिलियन पाउंड में खरीदी गई थी. दोनों फ्लैट्स प्रिंस और प्रिंसेस ऑफ वेल्स के आधिकारिक घर के पास हैं. नाइट फ्रैंक की बिक्री जानकारी में लिखा है कि प्रॉपर्टी रिसीवरशिप में है. इसका मतलब है कि प्रॉपर्टी की देखरेख और बिक्री की जिम्मेदारी रिसीवरों के पास है. कंपनी ने यह भी कहा है कि उसके पास प्रॉपर्टी से जुड़ी पूरी जानकारी नहीं है, इसलिए खरीदारों को जरूरी जांच खुद करनी चाहिए.

अंसारी पर ब्रिटेन और अमेरिका के प्रतिबंध

अली अंसारी पर ब्रिटेन और अमेरिका ने ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) को कथित आर्थिक मदद देने के आरोप में प्रतिबंध लगाए हैं. ब्रिटिश सरकार ने अक्टूबर 2025 में उन पर प्रतिबंध लगाते हुए उनकी संपत्ति फ्रीज करने, यात्रा पर रोक लगाने और डायरेक्टर बनने से रोकने जैसे कदम उठाए थे. ब्रिटेन के पूर्व मिडिल ईस्ट मंत्री हैमिश फाल्कनर ने कहा था कि अंसारी ने IRGC की गतिविधियों को आर्थिक मदद पहुंचाने में भूमिका निभाई.
अमेरिकी अधिकारियों ने भी उन पर ईरान से मिली दौलत के जरिए विदेशों में प्रॉपर्टी और बिजनेस का बड़ा नेटवर्क खड़ा करने का आरोप लगाया है. अंसारी का लंदन में 140 मिलियन पाउंड से ज्यादा का प्रॉपर्टी पोर्टफोलियो बताया जाता है. रिपोर्टों के मुताबिक, इन फ्लैट्स की बिक्री से मिलने वाली रकम को प्रतिबंधों के चलते सरकार फ्रीज कर सकती है. हालांकि, बिक्री की आखिरी कीमत और उससे जुड़ी कानूनी प्रक्रिया की पूरी जानकारी अभी सामने नहीं आई है.
Google search engine

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here