Home delhi एक हफ्ते तक मॉनसून की झमाझम बारिश… दिल्ली में येलो अलर्ट, बिहार-UP...

एक हफ्ते तक मॉनसून की झमाझम बारिश… दिल्ली में येलो अलर्ट, बिहार-UP सहित इन 20 राज्यों में भी बरसेंगे बादल

72
0
Google search engine

दिल्ली में अगले एक सप्ताह तक बारिश का दौर जारी रहने के आसार हैं.

देश की राजधानी दिल्ली में मंगलवार को झमाझम बारिश हुई. बारिश की वजह से लोगों को उमसभरी गर्मी से राहत मिली. इस बीच भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 29 और 30 जुलाई के लिए भी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है. मौसम विभाग के अनुसार बुधवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है. 3 अगस्त तक दिल्ली-एनसीआर में बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है.
आईएमडी के अनुसार, 29 जुलाई से 3 अगस्त के बीच हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश और राजस्थान के कई हिस्सों में भारी बारिश होगी. कई स्थानों पर गरज-चमक, बिजली गिरने और 30 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. हरियाणा और पंजाब में 30 जुलाई से 3 अगस्त तक भारी बारिश की संभावना जताई गई है, जबकि उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में भी कई स्थानों पर भारी से बहुत भारी वर्षा का अलर्ट जारी किया गया है.

मध्य और पूर्वी भारत में भी बारिश का दौर

मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और विदर्भ में 29 जुलाई से अगले 4 दिनों तक लगातार बारिश होने की संभावना है. पश्चिमी और पूर्वी मध्य प्रदेश, विदर्भ और छत्तीसगढ़ के कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश का पूर्वानुमान है. वहीं बिहार, झारखंड, ओडिशा और पश्चिम बंगाल में भी तेज बारिश के साथ बिजली गिरने और तेज हवाओं की चेतावनी जारी की गई है. ओडिशा में कुछ स्थानों पर 50 से 70 किमी प्रति घंटे तक की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं.

पूर्वोत्तर और पश्चिमी भारत भी रहेगा बारिश की चपेट में

असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 29 जुलाई से 3 अगस्त तक भारी बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है. कई इलाकों में भारी और कुछ स्थानों पर बहुत भारी बारिश हो सकती है. दूसरी ओर कोंकण-गोवा, मध्य महाराष्ट्र, गुजरात, सौराष्ट्र-कच्छ और मराठवाड़ा में भी लगातार बारिश का पूर्वानुमान है. इन क्षेत्रों में40 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं.

दक्षिण भारत में भी सक्रिय रहेगा मानसून

दक्षिण भारत के केरल, तटीय कर्नाटक, तेलंगाना, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश, रायलसीमा और लक्षद्वीप में भी 3 अगस्त तक बारिश का दौर जारी रहेगा. केरल, तटीय कर्नाटक और दक्षिण आंतरिक कर्नाटक के कई इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना है. वहीं तटीय आंध्र प्रदेश में गर्म और उमस भरे मौसम की स्थिति बनी रह सकती है.
मौसम विभाग ने मछुआरों और समुद्र में जाने वाले लोगों को उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और ओडिशा-पश्चिम बंगाल तट के आसपास तेज हवाओं को देखते हुए सतर्क रहने की सलाह दी है. कुल मिलाकर आने वाले पांच दिनों तक देश के अधिकांश हिस्सों में मानसून पूरी तरह सक्रिय रहेगा और कई राज्यों में भारी बारिश जनजीवन को प्रभावित कर सकती है.
Google search engine

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here