Home delhi Satluj OTT Ban: Zee5 से क्यों हटाई गई दिलजीत दोसांझ की ‘सतलुज’?...

Satluj OTT Ban: Zee5 से क्यों हटाई गई दिलजीत दोसांझ की ‘सतलुज’? सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने दिया जवाब

25
0
Google search engine

 दिलजीत दोसांझ की फिल्म ‘सतलुज’ को जी5 से हटा दिया गया है.

दिलजीत दोसांझ की फिल्म ‘सतलुज’ को लेकर विवाद थमता नजर नहीं आ रहा है. मेकर्स ने चुपचाप इसे ओटीटी प्लैटफॉर्म जी5 पर रिलीज़ कर दिया था. पर रिलीज़ के दो दिनों के बाद ही फिल्म को ओटीटी से हटा लिया गया. इसके बाद हर तरफ फिल्म की चर्चा शुरू हो गई. अब इस फिल्म को जी5 से हटाने की वजह सामने आ गई है. सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने बताया है कि ये फिल्म बिना जरूरी सर्टिफिकेशन प्रक्रिया पूरी किए ओटीटी प्लैटफॉर्म पर रिलीज की गई थी.
सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के एक अधिकारी ने न्यूज एजेंसी एएनआई को बताया कि ‘सतलुज‘ के पास थिएट्रिकल रिलीज के लिए जरूरी सर्टिफिकेट नहीं था. सर्टिफिकेशन बॉडी ने फिल्म में करीब 100 कट्स की सिफारिश की थी. लेकिन निर्माताओं ने इन कट्स को लागू करने की बजाय फिल्म का नाम बदल दिया और शुक्रवार को जी5 पर रिलीज कर दी. मंत्रालय के मुताबिक इस रिलीज ने इनफार्मेशन टेक्नोलॉजी (इंटरमीडियरी गाइडलाइंस एंड डिजिटल मीडिया एथिक्स कोड) नियम, 2021 के प्रावधानों का उल्लंघन किया है.

फिल्म हटाने पर जी5 ने क्या कहा?

फिल्म हटाए जाने की पुष्टि करते हुए जी5 ने आधिकारिक बयान जारी किया था. प्लेटफॉर्म ने कहा कि मौजूदा हालात को देखते हुए ‘सतलुज’ भारत में अगले आदेश तक उपलब्ध नहीं होगी. हालांकि जी5 ने ये भी कहा कि वो नियमों के तहत फिल्म को जल्द से जल्द दर्शकों तक वापस लाने की हर संभव कोशिश करता रहेगा. प्लेटफॉर्म ने फिल्म की क्रिएटिव जिन के साथ अपनी पूरी प्रतिबद्धता जताई.

दिलजीत दोसांझ ने कही ये बात

फिल्म हटाए जाने के कुछ घंटों बाद दिलजीत दोसांझ ने इंस्टाग्राम पर लाइव आकर दर्शकों से बात की थी. उन्होंने कहा था, “जिसकी मुझे पहले से उम्मीद थी, वही हुआ. मुझे लगा था सोमवार को दफ्तर खुलने पर बैन होगी, लेकिन रविवार शाम को ही हो गई.”

हालांकि दिलजीत ने ये भी कहा कि उन्हें इस बात का संतोष है कि उनकी फिल्म लोगों तक पहुंच गई. उन्होंने कहा, “लोगों ने डानलोड कर लिया है. एक चीज जिसने मुझे सबसे ज्यादा खुश किया वो ये था कि गुरुद्वारा साहिब में प्रोजेक्टर से फिल्म की स्क्रीनिंग हो रही है. ये देखकर बेहद खुशी हुई.”

किसने बनाई है ये फिल्म?

मानवाधिकार कार्यकर्ता जसवंत सिंह खालरा की जिंदगी पर आधारित ‘सतलुज’ को पहले ‘पंजाब 95’ नाम से रिलीज़ किया जाना था. हालांकि सेंसर बोर्ड में लंबे वक्त से फिल्म के अटके होने के बीच मेकर्स ने अचानक इसे ओटीटी पर रिलीज़ कर दिया था. फिल्म का निर्देशन हनी त्रेहान ने किया है और इसमें दिलजीत के अलावा अर्जुन रामपाल, कंवलजीत सिंह, सुविंदर विक्की और गीतिका विद्या ओहलयान जैसे कलाकार अहम भूमिकाओं में हैं.
Google search engine

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here