जालंधर के बस्ती गुजा क्षेत्र स्थित सैलून में एक ग्राहक और सैलून मालिक के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि बात मारपीट और हथियारों तक पहुंच गई।
पीड़ित युवक, जिसका नाम तरुण कुमार बताया जा रहा है, उन्होंने आरोप लगाया है कि वह दोपहर से ही कटिंग कराने के लिए चक्कर काट रहा था, लेकिन दुकानदार उसे बार-बार टाल रहे थे।
जब वह शाम को दोबारा गया तो सैलून वालों ने काम करने से मना कर दिया। इसके बाद वह दूसरे सैलून में चला गया। पीड़ित का दावा है कि उसके जाने के बाद उसे सैलून के मालिकों द्वारा लगातार फोन किए गए और गालियां दी गईं। जब वह दोस्तों के साथ बात करने के लिए वापस ‘वीआईपी सैलून’ पहुंचा, तो वहां मौजूद तीन-चार लोगों ने उस पर हमला कर दिया
हमलावरों ने सैलून में उस्तरे से किया हमला पीड़ित ने बताया कि हमलावरों ने सैलून में इस्तेमाल होने वाले उस्तरे से उसकी गर्दन और शरीर के अन्य हिस्सों पर वार किए। तरुण का कहना है कि हमला इतना अचानक था कि उसे संभलने का मौका नहीं मिला। हमले के बाद उसे तुरंत स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां उसके घावों पर टांके लगाए गए हैं।
घटना CCTV में कैैद सैलून मालिकों का यह भी कहना है कि युवक अपने साथ लड़के लेकर आया था और सैलून में तोड़फोड़ की कोशिश की गई। हालांकि, तरुण ने इन आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि वह निहत्था था और अगर उसे हमला करना होता, तो वह कोई हथियार साथ लेकर आता। उसने बताया कि पूरी घटना वहां लगे CCTV कैमरों में कैद है।
पुलिस ने बयानों के आधार पर कार्रवाई शुरु की तरुण ने बताया कि उसके घर में जल्द ही एक समारोह होने वाला था, जिसके लिए वह तैयार होने गया था, लेकिन उसे इस खूनी विवाद का सामना करना पड़ा। फिलहाल, पीड़ित पक्ष ने थाने में शिकायत दर्ज कराने की बात कही है। पुलिस अब दोनों पक्षों के बयानों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामले की जांच करेगी ताकि सच सामने आ सके।