Home Latest News Jalandhar देहात की बड़ी कार्रवाई:हंगामे के बाद ASI गुरसिंदर सिंह निलंबित,पुलिसकर्मी ने...

Jalandhar देहात की बड़ी कार्रवाई:हंगामे के बाद ASI गुरसिंदर सिंह निलंबित,पुलिसकर्मी ने सरकारी वाहन से कई गाड़ियों को मारी थी टक्कर

18
0
Google search engine
जालंधर देहात अंतर्गत आने वाले भोगपुर में एक पुलिसकर्मी द्वारा शराब के नशे में सरकारी वाहन से कई गाड़ियों को टक्कर मारने का गंभीर मामला सामने आया है। सोमवार देर रात हुई इस घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने पुलिस वाहन को घेरकर जमकर हंगामा किया और पूरी घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी जालंधर देहाती ने आरोपी एएसआई गुरसिंदर सिंह को तुरंत प्रभाव से निलंबित कर दिया है और उसके खिलाफ विभागीय कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
भोगपुर इलाके में नेशनल हाईवे पर सोमवार देर रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब रिकवरी वैन में तैनात एक पुलिसकर्मी ने अपनी गाड़ी से सड़क किनारे और चल रही 3-4 अन्य गाड़ियों को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि एक वाहन का टायर फट गया और गाड़ियां क्षतिग्रस्त हो गईं।
मामले का संज्ञान लेते हुए पुलिस प्रशासन ने त्वरित जांच शुरू की। जांच के दौरान आरोपी कर्मचारी की पहचान एएसआई गुरसिंदर सिंह के रूप में हुई। एएसआई गुरसिंदर सिंह पुलिस लाइन जालंधर में तैनात था और उस समय भोगपुर नेशनल हाईवे पर रिकवरी वैन पर अपनी ड्यूटी पर तैनात था।
आरोपों की पुष्टि और निष्पक्ष जांच के लिए पुलिस प्रशासन द्वारा आरोपी एएसआई गुरसिंदर सिंह का सिविल अस्पताल काला बकरा में मेडिकल परीक्षण कराया गया। अस्पताल से आई मेडिकल रिपोर्ट में स्पष्ट हुआ कि एएसआई घटना के समय शराब के नशे के भारी प्रभाव में था।
डॉक्टरी परीक्षण में नशे की पुष्टि होने के बाद मामले की पूरी रिपोर्ट वरिष्ठ पुलिस कप्तान (एसएसपी), जिला जालंधर (देहाती) को सौंपी गई। एसएसपी हरविंदर सिंह विर्क (पीपीएस) ने मामले को बेहद गंभीरता से लेते हुए अनुशासनहीनता और लापरवाही के आरोप में एएसआई गुरसिंदर सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।
निलंबन के साथ ही आरोपी पुलिसकर्मी को वापस पुलिस लाइन जालंधर भेज दिया गया है और उसके खिलाफ सख्त विभागीय जांच के आदेश जारी कर दिए गए हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि ड्यूटी में किसी भी प्रकार की कोताही और कानून का उल्लंघन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
Google search engine

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here