आतंकी हरवंत सिंह उर्फ हैरी को फताहपुर जेल से प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार किया गया है।
आतंकी संगठन बब्बर खालसा इंटरनेशनल (बीकेआइ) के गुर्गे हरवंत सिंह उर्फ हैरी को फताहपुर जेल से प्रोडकशन वारंट पर गिरफ्तार किया गया है। कोर्ट ने उसे दो दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा है। डीएसपी यादविंदर सिंह ने बताया कि आरोपित से पूछताछ की जा रही है।
बता दें थाना घरिंडा की पुलिस ने तरनतारन निवासी राजविंदर सिंह दो आरोपितों को दो ग्रेनेड और सात पिस्तौल के साथ गिरफ्तार किया था। राजविंदर सिंह ने स्वीकार किया था कि दोनों ग्रेनेड उन्होंने फताहपुर जेल में बंद बीकेआइ के आतंकी हरवंत सिंह उर्फ हैरी के इशारे पर घरिंडा इलाके से बरामद किया था।
दोनों ग्रेनेड पाक की खुफिया एजेंसी आइएसआइ ने कुछ दिन पहले ड्रोन के जरिए भारतीय हद में गिराए थे। उल्लेखनीय है कि हरवंत सिंह हैरी ने बीते साल चंडीगढ़ में एक रिटायर्ड पुलिस अफसर की कोठी पर ग्रेनेड से हमला किया था।