पंजाबी सिंगर दलेर मेहंदी को नवरात्रि के अवसर पर परफॉर्मेंस के लिए बुलाया गया।
उन्हें उत्तराखंड के टिहरी जिले के नरेंद्र नगर में आयोजित प्रसिद्ध कुंजापुरी मेले में प्रस्तुति देनी थी। सिंगर पहुंचे भी। मगर, मंच पर उनका अंदाज कुछ ऐसा दिखा कि अब उस पर विवाद शुरू हो गया है। दलेर मेहंदी कथित तौर पर शराब पीकर मंच पर पहुंचे। यह देख राज्य कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल सीधे स्टेज पर पहुंच गए और सिंगर पर जमकर भड़के।
धार्मिक आयोजन में परफॉर्मेंस के लिए दारू पीकर पहुंचने पर सुबोध उनियाल ने दलेर मेहंदी को फटकारा। सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें देखा जा सकता है कि दलेर मेहंदी मंच पर खड़े हैं। तभी अचानक से उत्तराखंड के मंत्री सुबोध उनियाल मंच पर पहुंचते हैं और दलेर मेहंदी की परफॉर्मेंस बीच में रुकवा देते हैं।मंत्री ने न सिर्फ दलेर मेहंदी को गाना गाने से रोका, बल्कि उन्हें फटकार भी लगाई। मंत्री सुबोध उनियाल ने आपत्ति जताते हुए कहा कि यह धार्मिक आयोजन है। यहां शराब के नशे में परफॉर्म करना ठीक नहीं है। भाजपा मंत्री सुबोध उनियाल ने मंच पर खड़े होकर ही कहा, ‘यह मां दुर्गा की आराधना और नवरात्र का धार्मिक आयोजन है। पावन अवसर पर शराब के नशे में कार्यक्रम प्रस्तुत करना उचित नहीं है। आप शराब पीकर गाना गा रहे हैं। यह ठीक नहीं है। आपसे बोला तो जा नहीं रहा है, गाना क्या गाएंगे’।