रणबीर कपूर, यश और साई पल्लवी की ‘रामायण’ में सनी देओल हनुमान का किरदार निभा रहे हैं.
रणबीर कपूर, यश और साई पल्लवी की ‘रामायण पार्ट 1’ का ट्रेलर फिल्म की रिलीज़ से कई महीने पहले ही दर्शकों को दिखा दिया गया. ट्रेलर में फिल्म के लगभग सभी अहम कलाकारों की झलक दिखाई गई. पर एक चेहरा जो नहीं दिखा वो था हनुमान का. फिल्म में सनी देओल हनुमान का किरदार निभा रहे हैं. ऐसे में लोगों की दिलचस्पी उनके किरदार में और ज्यादा है. पर मेकर्स ने सनी देओल के किरदार के लिए खास प्लानिंग की है. पता चला है कि रामायण के पहले पार्ट में हनुमान के किरदार को एक दम आखिरी में दिखाया जाएगा.
रामायण का पहला पार्ट इस साल दिवाली के मौके पर रिलीज़ होगा. रामायण की कहानी को फिल्म में इस तरह पेश करने की प्लानिंग की गई है, जिससे हनुमान का किरदार पहले पार्ट के अंत में दिखाया जाए. बॉलीवुड हंगामा की एक रिपोर्ट में सोर्स ने बताया, “रामायण पार्ट 1 में सनी देओल एक दम आखिरी में दिखेंगे. उनके साथ ही फिल्म खत्म होगी. ये खत्म होने से पहले फाइनल सीन हो सकता है या फिर एड क्रेडिट या पोस्ट क्रेडिट सीन में उन्हें दिखाया जा सकता है.”
रामायण के मेकर्स की ‘बाहुबली’ वाली चाल
रिपोर्ट में बताया गया है कि रामायण पार्ट 1 के लिए मेकर्स ने कुछ वैसी ही प्लानिंग की है, जैसी बाहुबली के मेकर्स ने की थी. सोर्स ने बताया, “आइडिया ये है कि पहले पार्ट में को ऐसी जगह पर खत्म किया जाए कि दर्शक दूसरे पार्ट का इंतज़ार बेसब्री से करें, जैसा की बाहुबली में हुआ था. ‘कटप्पा ने बाहुबली को क्यों मारा?’ इसी मोमेंट ने दर्शकों को दूसरे पार्ट के लिए एक्साइटेड कर दिया था. इसी तरह रामायण के मेकर्स को भी उम्मीद है कि पार्ट 1 में हनुमान के किरदार को इंट्रोड्यूस करने के बाद दर्शक दूसरे पार्ट का बेसब्री से इंतज़ार करने लगेंगे.”
कुछ लोग देख चुके हैं हनुमान की झलक
सनी देओल को हनुमान के किरदार में ट्रेलर में भले ही नहीं दिखाया गया हो, लेकिन मेकर्स ने सेलेक्टेड लोगों को उनकी झलक दिखाई है. अमेरिका के लॉस वेगास में सिनेमाकॉन 2026 में रामायण के खास फुटेज कुछ लोगों को दिखाए गए थे. इसी दौरान वहां मौजूद लोगों को सनी देओल की झलक भी दिखाई गई थी. उस वक्त पता चला था कि सनी देओल की झलक काफी एक्साइटिंग है और वहां लोगों को काफी पसंद भी आई थी.
कब रिलीज़ होगी रामायण?
नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी ‘रामायण’ का पहला पार्ट भारत में 8 नवंबर और ओवरसीज में 6 नवंबर को रिलीज़ किया जाएगा. वहीं दूसरा पार्ट 2027 में दिवाली पर रिलीज़ होगा. फिल्म में एआर रहमान और हैंस जिमर ने संगीत दिया है.