चक्का जाम के बीच पंजाब सरकार का पुतला फूंककर बाबा साहेब की बेअदबी के मामले में रोष जताया गया।
लुधियाना में बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के अपमान को लेकर आज (शुक्रवार) अमृतसर में भंडारी पुल जाम किया गया। समाज के लोग 1 घंटे तक सड़क पर बैठकर ‘वाल्मीकि शक्ति अमर रहे’ और ‘पंजाब सरकार मुर्दाबाद’ के नारे लगाते रहे।
चक्का जाम के बीच पंजाब सरकार का पुतला फूंककर बाबा साहेब की बेअदबी के मामले में रोष जताया गया। इस दौरान इमरजेंसी सेवाओं को चालू रखा गया, जबकि आम यातायात प्रभावित था। भंडारी पुल पर जाम, सुबह 10 बजे से 1 बजे तक लगाया जाना था, लेकिन 11 बजे शुरू होकर एक घंटे बाद ही पुल खोल दिया गया।
उधर, जाम से बचाने के लिए पुल से पहले बैरिकेडिंग की गई। जहां पुलिसकर्मी लोगों को रोकते दिखे। उधर, बैरिकेडिंग को लेकर पुलिसकर्मी खुद आपस में ही भिड़ गए। एएसआई समझाते दिखे कि एडीसीपी ने बैरिकेडिंग करवाई है, मगर पीसीआर कर्मी कहने लगे कि इसे हटाओ हम अपने आप जाम खुलवा लेंगे।
एक दिन पहले केंद्रीय वाल्मीकि मंदिर में विभिन्न संगठनों की आपात बैठक में अमृतसर बंद के आह्वान को वापस ले लिया गया। संगठनों के प्रतिनिधियों ने कहा कि लगातार बंद के कारण व्यापारी वर्ग को काफी नुकसान हो रहा है। व्यापारियों के हितों को ध्यान में रखते हुए शुक्रवार को अमृतसर में पूर्ण बंद नहीं किया जाएगा।
वाल्मीकि समाज का प्रदर्शन- PHOTOS…
भंडारी पुल पर भारी पुलिस बल तैनात रहा। वहीं, वाहनों की आवाजाही भी न के बराबर रही।
गमछा पकड़कर ट्रैफिक रोकते हुए वाल्मीकि समाज के लोग
डॉ. अंबेडकर के अपमान पर वाल्मिकि समाज के लोग पंजाब सरकार का पुतला फूंकते हुए।
भंडारी पुल बंद होने का क्या असर था
पुराने और नए शहर को जोड़ता है: अमृतसर का भंडारी पुल शहर के सबसे महत्वपूर्ण ट्रैफिक कॉरिडोर में से एक है। रेलवे लाइन के ऊपर बना यह पुल पुराने और नए अमृतसर को जोड़ता है। पुराने शहर में हॉल गेट, हॉल बाजार, रामबाग और आसपास के इलाके हैं। वहीं दूसरी तरफ रेलवे स्टेशन, कचहरी रोड, सिविल लाइंस, रंजीत एवेन्यू और आगे के क्षेत्र जुड़े हैं।
दूसरे रास्तों पर बढ़ेगा ट्रैफिक: भंडारी पुल बंद होने से यहां से गुजरने वाला ट्रैफिक दूसरे रास्तों पर डायवर्ट होगा। इससे हॉल गेट, रामबाग, रेलवे स्टेशन, क्रिस्टल चौक, कूपर रोड और आसपास की सड़कों पर दबाव बढ़ सकता है। पहले भी पुल पर प्रदर्शन के दौरान ट्रैफिक रुकने से इन इलाकों में लंबा जाम देखा गया है।
वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करें: भंडारी पुल बंद होने के कारण वाहन सवार अपनी दिशा के अनुसार रीगो ब्रिज/लोहगढ़ चौक, टैंक चौक, खालसा कॉलेज के सामने वाले नए पुल और शहर की अन्य लिंक सड़कों का इस्तेमाल कर सकते हैं। पुलिस की पुरानी ट्रैफिक एडवाइजरी में भी लोहगढ़-टैंक चौक-रीगो ब्रिज रूट को विकल्प बताया गया था।
वैकल्पिक सड़कों पर भी बढ़ सकता है दबाव: 2022 में भंडारी पुल के साथ दो समानांतर पुल शुरू होने से इसकी क्षमता बढ़ी और सामान्य दिनों में जाम कम हुआ था। अब भंडारी पुल बंद होने से ट्रैफिक का दबाव वैकल्पिक रास्तों पर बढ़ना तय है।
क्या है पूरा मामला और अब तक क्या-क्या हुआ, जानिए…
डॉ. अंबेडकर की प्रतिमा के गले में जूतों का हार डाला: मंगलवार, 8 सितंबर की शाम को कुछ अज्ञात असामाजिक तत्वों ने लुधियाना में जालंधर बाईपास चौक पर स्थित डॉ. अंबेडकर की प्रतिमा के गले में जूतों का हार डाल दिया और प्रतिमा के साथ छेड़छाड़ की। जैसे ही इस घटना की खबर फैली, वाल्मीकि और दलित समाज के लोगों में भारी गुस्सा फैल गया और वे बड़ी संख्या में चौक पर इकट्ठा हो गए।
दिल्ली-अमृतसर नेशनल हाईवे जाम किया: गुस्साई भीड़ ने जालंधर बाईपास चौक पर दिल्ली-अमृतसर नेशनल हाईवे को ब्लॉक कर दिया। इसके कारण अमृतसर, जालंधर, दिल्ली, पटियाला और अंबाला की तरफ जाने वाले वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। ADCP समीर वर्मा के समझाने और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी का आश्वासन देने के बाद करीब साढ़े 5 घंटे बाद हाईवे खोला जा सका।
प्रतिमा का शुद्धीकरण हुआ: घटना के अगले दिन बुधवार सुबह दलित समुदाय के लोगों और विभिन्न संगठनों के कार्यकर्ताओं ने एकत्रित होकर अपमानित की गई डॉ. अंबेडकर की प्रतिमा का दूध से अभिषेक कर शुद्धीकरण किया और वहां पूजा-अर्चना की।