न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) समेत तमाम मुद्दों को लेकर दिल्ली कूच कर रहे किसानों के साथ बातचीत करने के लिए केंद्र सरकार तैयार है. सरकार किसानों की तरफ से बातचीत का प्रस्ताव आने का इंतजार कर रही है.
सूत्रों के मुताबिक, सरकार के वरिष्ठ मंत्री लगातार इस मुद्दे पर चर्चा कर रहे हैं. इससे पहले सोमवार को किसानों और सरकार के मंत्रियों के बीच सोमवार को चंडीगढ़ में बातचीत हुई थी. हालांकि, ये बातचीत बेनतीजा रही थी. तब केंद्रीय मंत्री वहां बैठे रहे थे, लेकिन किसान उठकर चले गए थे.
किसान नेताओं ने खोल रखा है बातचीत का दरवाजा
इससे पहले किसान नेता सरवन सिंह ने कहा था कि उन्होंने सरकार के साथ बातचीत का दरवाजा खोल रखा है. सरवन सिंह के मुताबिक, सरकार जब चाहे तब बात कर सकती है. इसके साथ ही उन्होंने ये भी कहा था कि किसानों का प्रदर्शन शांतिपूर्ण रहेगा. उन्होंने मीडिया से बातचीत के दौरान कहा, “हमारी तरफ से ये आंदोलन बिल्कुल शांतिपूर्ण रहेगा. सरकार चाहे हम पर लाठियां बरसाए, भले ही गोली मार ले. हमें किसी पार्टी का सपोर्ट नहीं है. कोई कांग्रेस सपोर्ट नहीं है. हम कांग्रेस को भी उतना ही दोषी मानते हैं जितना बीजेपी. ये नीतियां तो कांग्रेस लेकर आई थी. “





